फतेहपुर के होलापुर में खौफनाक वारदात, शराबी युवक ने चार लोगों पर दौड़ाया ट्रैक्टर

फतेहपुर जिले के होलापुर गांव में एक नशे में धुत व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी समेत चार लोगों को ट्रैक्टर से कुचल दिया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर है।

Mar 15, 2026 - 11:57
 0
फतेहपुर के होलापुर में खौफनाक वारदात, शराबी युवक ने चार लोगों पर दौड़ाया ट्रैक्टर

उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के होलापुर गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी समेत चार लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि आरोपी की पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी
जानकारी के अनुसार होलापुर गांव का रहने वाला महेश नाम का युवक शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वह अक्सर शराब के नशे में अपना आपा खो बैठता है। बताया गया कि घटना वाली रात भी वह नशे में धुत था। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर अपनी 45 वर्षीय पत्नी आशा देवी समेत चार लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

चार लोग हुए घायल
इस घटना में महेश की पत्नी आशा देवी के अलावा गांव के ही रहने वाले भगवान दास, अंशिका देवी और कल्लू भी घायल हो गए। भगवान दास की उम्र करीब 62 साल बताई जा रही है। वहीं अंशिका देवी संतोष कुमार की 14 वर्षीय बेटी है और कल्लू रनजीत कुमार का 22 वर्षीय बेटा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
गोपालगंज सीएचसी में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सभी को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने सभी घायलों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार महेश की पत्नी आशा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।

पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
घायल भगवान दास के बेटे नीरज ने बताया कि महेश शराब पीने का आदी है और पहले भी इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुका है। हालांकि उस समय किसी को चोट नहीं आई थी। नीरज के अनुसार इस बार उसने फिर वही हरकत दोहराई, जिससे चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।