फतेहपुर में भाई बना बहन का कातिल, ससुराल से बुलाकर जंगल में दबाया गला, फिर खुद पहुंचा पुलिस चौकी

फतेहपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है। जिस भाई पर बहन की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी ने अपनी विवाहित बहन की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव कुएं में फेंका और फिर सीधे पुलिस चौकी पहुंचकर ऐसा खुलासा किया कि पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। आखिर भाई ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया? पुलिस जांच में जो कहानी सामने आ रही है, वह कई सवाल खड़े कर रही है।

Jun 13, 2026 - 14:08
Jun 13, 2026 - 14:13
 0
फतेहपुर में भाई बना बहन का कातिल, ससुराल से बुलाकर जंगल में दबाया गला, फिर खुद पहुंचा पुलिस चौकी

फतेहपुर जिले के हसवा क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक खुद पुलिस चौकी पहुंचा और अपनी बहन की हत्या करने की बात बताने लगा। पहले तो पुलिसकर्मियों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब उसने हत्या की पूरी जानकारी दी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

कुएं से बरामद हुआ युवती का शव
पुलिस के अनुसार धनवा गांव निवासी संदीप यादव ने चौकी हसवा पहुंचकर बताया कि उसने अपनी 19 वर्षीय बहन रंजू यादव की गला दबाकर हत्या कर दी है और शव को एक कुएं में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर थरियांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की और कुएं से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

जंगल में ले जाकर की बहन की हत्या 
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कुछ दिन पहले अहमदाबाद से फतेहपुर आया था। पुलिस के मुताबिक वह अपनी विवाहित बहन को उसके ससुराल से अपने साथ लेकर निकला और हसवा क्षेत्र के जंगल में पहुंचा। वहीं दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर बहन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के इरादे से शव को पास के कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी बहन के कुछ संबंधों को लेकर संदेह था। इसी वजह से वह लगातार उसे समझाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पुलिस अभी आरोपी के इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।

कबूलनामे ने खड़े किए कई सवाल
इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक भाई अपनी ही बहन की जान लेने पर उतारू हो गया। हत्या के बाद आरोपी का खुद पुलिस चौकी पहुंचकर अपराध स्वीकार करना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर एक भाई अपनी बहन का दुश्मन कैसे बन गया।

रिपोर्ट -: रवि सिंह 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0