19 मार्च को रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’, एडवांस बुकिंग में 50 करोड़ पार, रणवीर सिंह के किरदार को लेकर फैन्स की नई थ्योरी
19 मार्च को रिलीज होने वाली फिल्म 'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। प्रशंसकों का मानना है कि फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत सिंह रंगी की शहादत हो सकती है।
फिल्म धुरंधर 2: बदला 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और रिलीज से पहले ही यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की एडवांस बुकिंग अब तक 50 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुकी है। फिल्म के ट्रेलर के सामने आने के बाद दर्शकों के बीच कई तरह की थ्योरी सामने आ रही हैं। खासकर अभिनेता रणवीर सिंह के किरदार को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। बताया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी शहीद हो सकता है। इसी संभावना को लेकर सोशल मीडिया पर कई चर्चाएं हो रही हैं।
‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से जोड़ी जा रही कहानी
फैंस का मानना है कि निर्देशक आदित्य धर ने इस किरदार की शहादत का इशारा अपनी पुरानी फिल्म उरी: सर्जिकल स्ट्राइक में ही दे दिया था। यह फिल्म साल 2019 में रिलीज हुई थी और इसी फिल्म से आदित्य धर ने बतौर निर्देशक डेब्यू किया था। फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। ‘उरी’ में एक किरदार सीरत कौर का था, जो एक बेहतरीन फाइटर प्लेन पायलट होती हैं और सेना के मुख्यालय में तैनात रहती हैं। इस भूमिका को अभिनेत्री Kirti Kulhari ने निभाया था और उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी।
एक पुराने सीन से जुड़ी नई थ्योरी
फिल्म ‘उरी’ में सीरत कौर की मुलाकात मेजर विहान शेरगिल से होती है, जिसका किरदार अभिनेता विक्की कौशल ने निभाया था। जब सर्जिकल स्ट्राइक के लिए टीम रवाना होती है तो सीरत कौर ही उन्हें छोड़ने जाती हैं और मिशन पूरा होने के बाद वापस भी लेकर आती हैं। इसी दौरान मेजर विहान शेरगिल उनसे पूछते हैं कि क्या उनके परिवार में कोई आर्मी में है। इस पर सीरत बताती हैं कि उनके पति आर्मी में थे और उनका नाम कैप्टन जसकीरत सिंह रंगी था। अब इसी पुराने सीन को याद करते हुए कुछ दर्शक दावा कर रहे हैं कि ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह का किरदार वही जसकीरत सिंह रंगी हो सकता है, जिसकी कहानी आगे दिखाई जाएगी और संभव है कि फिल्म में उनकी शहादत भी दिखाई जाए।
लंबी कहानी और कई रहस्यों का खुलासा
फिल्म ‘धुरंधर 2’ की कहानी करीब 3 घंटे 55 मिनट लंबी बताई जा रही है, जो हिंदी फिल्मों में सबसे लंबी कहानियों में से एक मानी जा रही है। ट्रेलर आने के बाद दर्शकों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। इनमें यह भी शामिल है कि क्या हमजा यालीना को मार देता है या फिर खुद उसका शिकार बन जाता है। कहानी में रहमान डकैत की मौत भी दिखाई गई है और उसके बाद लियारी इलाके पर उसके छोटे भाई उज़ैर बलोच का राज बताया गया है।
एडवांस बुकिंग में ही फिल्म का बड़ा रिकॉर्ड
फिल्म की एडवांस बुकिंग ने भी सभी को चौंका दिया है। अभी रिलीज में पूरे छह दिन बाकी हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई एडवांस बुकिंग से कर चुकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। दर्शकों को फिल्म की कहानी, एक्शन और रहस्यमय प्लॉट काफी उत्साहित कर रहा है। अब सबकी नजर 19 मार्च पर टिकी है कि फिल्म रिलीज होने के बाद इसमें कौन-कौन से नए राज सामने आते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
