हार नहीं मानी और बन गईं टॉपर… बरेली की सुरभि यादव ने UPSC में पाई 14वीं रैंक, वनज-मिनहाज ने भी बढ़ाया मान

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजों में बरेली के तीन युवाओं ने सफलता हासिल की है। सुरभि यादव ने ऑल इंडिया 14वीं रैंक, वनज विद्यान ने 278वीं और मिनहाज शकील ने 513वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

Mar 7, 2026 - 10:36
 0
हार नहीं मानी और बन गईं टॉपर… बरेली की सुरभि यादव ने UPSC में पाई 14वीं रैंक, वनज-मिनहाज ने भी बढ़ाया मान

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित होते ही बरेली जिले में खुशी का माहौल बन गया। इस बार जिले के तीन होनहार युवाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से बड़ी सफलता हासिल की है। बरेली की सुरभि यादव ने ऑल इंडिया 14वीं रैंक प्राप्त कर टॉपर्स की सूची में जगह बनाई है। वहीं वनज विद्यान ने 278वीं और मिनहाज शकील ने 513वीं रैंक हासिल की है। इन तीनों की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी की लहर है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

चौथे प्रयास में सुरभि यादव को मिली बड़ी सफलता
बरेली की 25 वर्षीय सुरभि यादव ने अपने चौथे प्रयास में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सुरभि वर्तमान में दिल्ली में ‘माय भारत’ कार्यक्रम में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता राकेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और फिलहाल वाराणसी में तैनात हैं। सुरभि ने बचपन से ही आईएएस बनने का सपना देखा था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में ऑनर्स की पढ़ाई की और इसके बाद जामिया मिलिया इस्लामिया की कोचिंग से तैयारी को मजबूत किया। खास बात यह है कि वर्ष 2024 में वह प्रीलिम्स परीक्षा भी पास नहीं कर पाई थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं।

वनज विद्यान ने भी दिखाई प्रतिभा
बरेली के ही वनज विद्यान ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया 278वीं रैंक हासिल की है। वह डीपीएस बरेली के पूर्व छात्र रहे हैं और शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी माने जाते रहे हैं। वनज का कहना है कि उनकी सफलता का राज निरंतर अभ्यास और धैर्य है। उनकी इस उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने भी उनकी सफलता पर गर्व जताया है और इसे जिले के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बताया है।

मिनहाज शकील का अलग सफर
बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र के रिच्छा कस्बे के रहने वाले मिनहाज शकील ने इस परीक्षा में 513वीं रैंक प्राप्त की है। उनके पिता शकील, जिन्हें गुरु के नाम से भी जाना जाता है, पेशे से अधिवक्ता हैं। मिनहाज पहले भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। उन्होंने आईआईटी-जेईई में 402वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया और तीन साल तक नौकरी भी की। हालांकि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाना था। मिनहाज ने सिविल सेवा परीक्षा के साथ-साथ इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFoS) की लिखित परीक्षा भी पास कर ली है और अब इंटरव्यू का इंतजार कर रहे हैं।

जिले में जश्न और गर्व का माहौल
इन तीनों युवाओं की सफलता ने बरेली जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। सुरभि यादव ने जहां टॉप रैंक हासिल कर प्रशासनिक सेवाओं में जगह बनाई, वहीं वनज विद्यान और मिनहाज शकील ने भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से नई मिसाल पेश की है। उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य युवाओं को भी बड़ी प्रेरणा मिल रही है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।