बदायूं में मौत का टैंक बना मेंथा प्लांट, एक-दूसरे को बचाने उतरे 3 सगे भाई, 2 की मौत, तीसरा वेंटिलेटर पर
Uttar Pradesh News: बदायूं के सुरेनी पापड़ी गांव में मेंथा प्लांट के टैंक में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव में स्थित एक मेंथा प्लांट के टैंक में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो बेटों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
एक भाई को बचाने गए
जानकारी के अनुसार, हादसा मेंथा प्लांट के एक टैंक में तकनीकी कार्य के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक भाई टैंक के अंदर उतरा था। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वह कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ा। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो उसे बचाने के लिए दूसरा भाई टैंक में उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों भाइयों को बचाने के लिए तीसरे भाई मनवीर यादव ने हिम्मत दिखाई और टैंक के अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस का असर उस पर भी हुआ और वह भी बेसुध होकर गिर पड़ा। कुछ ही मिनटों में तीनों भाई टैंक के अंदर फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो भाइयों की मौत
स्थानीय लोगों और प्लांट कर्मचारियों की मदद से तीनों भाइयों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद जयवीर यादव (35) और राजेश यादव (22) को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे भाई मनवीर यादव की हालत गंभीर होने के कारण उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिवार और गांव में मातम का माहौल
मृतक जयवीर यादव अपने पीछे पत्नी रुचि देवी और दो छोटे बेटे लालू (8 वर्ष) तथा समर्थ (5 वर्ष) को छोड़ गए हैं। वहीं राजेश यादव की पत्नी ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मृतक बद्दू सिंह के पुत्र थे। परिवार के लोगों के साथ-साथ पूरे गांव के लोग इस हादसे से सदमे में हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया टैंक में बनी जहरीली गैस ही हादसे का कारण लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
