अयोध्या में श्री दुर्गेश्वरी देवी मंदिर का होगा भव्य स्वरूप, नौ देवियों और हनुमान जी की मूर्तियां होंगी स्थापित
अयोध्या के श्री दुर्गेश्वरी देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिसमें नव दुर्गा, भगवान गणेश और हनुमान जी की प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। 14 मई 2026 को एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। धर्म नगरी अयोध्या में अब मंदिरों के सौंदर्यीकरण और धार्मिक आयोजनों को लेकर लोगों में खास उत्साह दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में शहर के रीडगंज हमदानी कोठी मोहल्ले स्थित प्राचीन श्री दुर्गेश्वरी देवी मंदिर को नया और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में अब शक्ति स्वरूप माता दुर्गा के साथ-साथ नौ देवियों, श्री गणेश जी और श्री महाबली हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। मंदिर समिति द्वारा इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्थानीय लोगों में इस धार्मिक कार्य को लेकर काफी उत्साह और खुशी का माहौल है।
मंदिर परिसर का कराया जा रहा सौंदर्यीकरण
जानकारी के अनुसार श्री दुर्गेश्वरी देवी मंदिर अयोध्या के प्रसिद्ध सिद्ध मंदिरों में माना जाता है। मंदिर समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। मंदिर के सामने स्थित प्राचीन कुएं को भी सुंदर रूप दिया गया है। कुएं के संरक्षण के लिए लोगों से उसमें कचरा न डालने की अपील की गई है। इसके लिए कुएं पर एक विशेष पत्थर भी लगाया गया है, जिस पर साफ शब्दों में संदेश लिखा गया है। कुएं के ऊपर सिंह द्वार बनाया गया है और वहां गोल्डन शेर की स्थापना भी की गई है। मंदिर परिसर को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए लगातार कार्य कराया जा रहा है।
14 मई को होगा मूर्ति स्थापना कार्यक्रम
मंदिर समिति की बैठक में 14 मई 2026 को होने वाले विशेष कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस दिन नौ देवियों, श्री गणेश भगवान और श्री महाबली हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। बैठक में पूजा-अर्चना, भोग-प्रसाद और आने वाले तीज-त्योहारों पर धार्मिक आयोजनों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक मंदिर समिति के अध्यक्ष राना रोहित सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान संरक्षक वीरेश्वर सिंह, विजेंद्र कुमार सिंह और रामचंद्र जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
मंदिर मार्ग के नामकरण की भी मांग
मंदिर समिति की ओर से अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और नगर निगम मेयर महंत गिरीश पति त्रिपाठी से इस मार्ग का नाम “श्री दुर्गेश्वरी देवी मंदिर मार्ग” रखने की मांग करने की बात भी कही गई है। बैठक में संतोष सहेता, मनीष जायसवाल, संदीप जायसवाल, विजय साहू, रविंद्र कुमार गुप्ता, रामकुमार सोनी, नंदकुमार भारती, महेश आहूजा, सरदार सोनू सिंह और सरदार राजा सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
