जन्मदिन समारोह से लौटकर नहीं आया किशोर, सुबह खेत में मिला शव
Uttar Pradesh News: अमेठी के जायस क्षेत्र में 16 वर्षीय आरेन्द्र पासी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद वह घर नहीं लौटा था। अगले दिन उसका शव खेत की मेड़ पर मिला। पुलिस ने पुराने विवाद के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जायस थाना क्षेत्र के पूरे बख्शी बहादुरपुर गांव में 16 वर्षीय किशोर आरेन्द्र पासी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। मृतक आरेन्द्र पासी अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए ई-रिक्शा चलाता था। उसके परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई हैं, जो एक ढाबे पर काम करता है।
पड़ोसी के घर जन्मदिन समारोह में गया था आरेन्द्र
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम आरेन्द्र गांव के ही अमृतलाल के घर आयोजित उनकी बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। वहां नाच-गाने का कार्यक्रम भी चल रहा था। रात होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीणों ने खेत की मेड़ पर एक युवक का शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह आरेन्द्र था। उसके गले पर किसी धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले।
पुराने विवाद के आधार पर चार लोगों पर हत्या का केस
घटना की सूचना मिलते ही जायस पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सीओ तिलोई दिनेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए मोहनगंज पुलिस और एसओजी टीम को भी लगाया गया है। मृतक के पिता जागेश्वर की तहरीर पर गांव के ही हीरालाल और उसके बेटों आकाश, विकास तथा विक्रम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरेन्द्र का इन लोगों से विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है
हालांकि पुलिस जांच में अभी तक हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। ग्रामीणों और परिवार के लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की और अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
