अमेठी में पुलिस मुठभेड़ 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
अमेठी के मुसाफिरखाना में पुलिस मुठभेड़ के बाद 50,000 रुपये के इनाम वाले एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया। गोलीबारी में आरोपी के पैर में चोट आई और उसे अस्पताल भेजा गया।
अमेठी जिले के मुसाफिरखाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से रंगदारी के मामले में वांछित चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना
यह कार्रवाई सरवनन T के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ इसौली रोड जाखा शिवपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि कबाड़ व्यापारी रमन अग्रहरि से रंगदारी मांगने वाला आरोपी कहीं जाने की फिराक में है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इसौली रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। भागते समय वह गिर पड़ा और इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
आरोपी की पहचान और बरामद सामान
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम इस्लाम अहमद उर्फ सोनू उर्फ मच्छर (28) निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा बताया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
