मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में अमेठी में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अमेठी में मोदी-ट्रम्प व्यापार समझौते के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर इसे निलंबित करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और वहां नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। पार्टी नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई इस ट्रेड डील से देश के किसानों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप
पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस समझौते में भारतीय किसानों के हितों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि इस डील से विदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकते हैं। नेताओं ने कहा कि सरकार को इस तरह का बड़ा फैसला लेने से पहले संसद और जनता को पूरी जानकारी देनी चाहिए थी। उनका आरोप है कि पारदर्शिता की कमी के कारण लोगों में असंतोष है।
डील की प्रतियां जलाकर जताया विरोध
जिलाध्यक्ष अनुराग शुक्ला, शिव प्रसाद कश्यप, अवधेश, धर्मेश चंद्र मिश्र, डॉ. मलखान सिंह, देवांश त्रिपाठी, दीपक शुक्ला और दीपक पांडे की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने डील की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर इस समझौते को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की है कि इस ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से स्थगित कराया जाए, ताकि किसानों और आम लोगों के हित सुरक्षित रह सकें। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
