70 फीसदी तक सस्ता हो सकता है मोबाइल रिचार्ज, ट्राई ने पेश किया ड्राफ्ट, मांगे सुझाव, अब सिर्फ कॉल करने वालों को नहीं देना होगा डेटा का पैसा
अगर आप मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते, लेकिन हर महीने महंगा रिचार्ज कराने को मजबूर हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। TRAI के नए प्रस्ताव के बाद आने वाले समय में सिर्फ कॉल और SMS वाले प्लान काफी सस्ते हो सकते हैं। जानिए कैसे बदलने वाला है मोबाइल रिचार्ज का पूरा सिस्टम और किन यूजर्स को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा।
मोबाइल फोन आज हर किसी की जरूरत बन चुका है, लेकिन लाखों ऐसे ग्राहक हैं जो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते और फिर भी उन्हें हर महीने डेटा वाले महंगे रिचार्ज कराने पड़ते हैं। अब ऐसे यूजर्स को राहत मिल सकती है। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने ऐसा प्रस्ताव तैयार किया है, जिससे आने वाले समय में बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान काफी सस्ते हो सकते हैं। TRAI ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026 का नया मसौदा जारी किया है। इसका मकसद साफ है- जिस ग्राहक को डेटा की जरूरत नहीं है, उससे डेटा का पैसा क्यों लिया जाए। ट्राई ने इस प्रस्ताव पर टेलीकॉम कंपनियों और अन्य पक्षों से सुझाव मांगे हैं। सुझाव मिलने के बाद नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अभी क्यों महंगे पड़ते हैं रिचार्ज प्लान?
मौजूदा समय में ज्यादातर मोबाइल कंपनियां ऐसे प्लान ऑफर करती हैं जिनमें कॉलिंग के साथ डेटा भी जुड़ा होता है। समस्या यह है कि बड़ी संख्या में ग्राहक ऐसे हैं जो सिर्फ कॉल और SMS के लिए मोबाइल रखते हैं। इनमें बुजुर्ग लोग, फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक, ग्रामीण इलाकों के यूजर्स और ऐसे लोग शामिल हैं जिनके घर या ऑफिस में WiFi की सुविधा मौजूद है। लेकिन लंबी वैधता वाले रिचार्ज के लिए उन्हें मजबूरी में डेटा वाला प्लान लेना पड़ता है, जिससे उनका खर्च बढ़ जाता है।
7 दिन से 84 दिन तक मिलेंगे सिर्फ कॉल-SMS वाले प्लान
TRAI के नए प्रस्ताव के मुताबिक, अगर कोई टेलीकॉम कंपनी किसी अवधि का डेटा वाला प्लान लॉन्च करती है, तो उसे उसी अवधि का सिर्फ कॉल और SMS वाला प्लान भी उपलब्ध कराना होगा। यानी अगर कंपनी 7 दिन, 28 दिन, 56 दिन या 84 दिन की वैधता वाला डेटा प्लान देती है, तो उसी अवधि का बिना डेटा वाला प्लान भी देना होगा। इससे ग्राहकों के पास अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने का विकल्प बढ़ जाएगा।
300 रुपये वाला प्लान 100 से 150 रुपये तक आ सकता है
टेलीकॉम प्लान की कीमत में सबसे बड़ा हिस्सा डेटा का होता है। अनुमान के मुताबिक मोबाइल रिचार्ज में करीब 50 से 70 प्रतिशत तक खर्च डेटा से जुड़ा होता है। ऐसे में अगर डेटा को हटा दिया जाता है तो सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले प्लान की कीमत काफी कम हो सकती है। उदाहरण के तौर पर, जो प्लान अभी करीब 300 रुपये में मिलता है, वह बिना डेटा के 100 से 150 रुपये के आसपास आ सकता है। हालांकि अंतिम कीमत टेलीकॉम कंपनियां ही तय करेंगी।
किन ग्राहकों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा?
TRAI के इस प्रस्ताव का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो मोबाइल को सिर्फ बातचीत के लिए इस्तेमाल करते हैं।
- फीचर फोन यूजर्स
- बुजुर्ग ग्राहक
- दूसरी सिम रखने वाले लोग
- ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ता
- WiFi इस्तेमाल करने वाले ग्राहक
इन लोगों को अब अपनी जरूरत के हिसाब से कम कीमत वाला प्लान चुनने का मौका मिलेगा।
1600 और 140 सीरीज के कॉल को ब्लॉक नहीं कर पाएंगे कॉलिंग ऐप्स
TRAI ने नए नियमों में कॉल मैनेजमेंट ऐप्स को लेकर भी बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया है। अब Truecaller जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप्स 1600 और 140 सीरीज वाले नंबरों की कॉल को ब्लॉक नहीं कर पाएंगे। दरअसल 1600 सीरीज नंबर बैंक, वित्तीय संस्थानों जैसे RBI, SEBI और सरकारी सेवाओं के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इन नंबरों के जरिए ग्राहकों को जरूरी लेनदेन और सेवाओं से जुड़ी जानकारी दी जाती है। जबकि 140 सीरीज का इस्तेमाल कंपनियों के प्रचार और विज्ञापन कॉल के लिए किया जाता है। ग्राहक DND सेवा के जरिए इन्हें ब्लॉक कर सकते हैं।
नियम लागू होने के बाद कंपनियों को मिलेगा समय
TRAI के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद टेलीकॉम कंपनियों को नए नियम लागू करने के लिए समय दिया जाएगा। इसके बाद कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है, जिससे ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और सस्ते प्लान मिल सकते हैं। TRAI नियम लागू होने के करीब 6 महीने बाद कंपनियों के कामकाज की समीक्षा भी करेगा।
सरकार को क्यों लाना पड़ा नया नियम?
मोबाइल ग्राहकों की सबसे बड़ी शिकायत रही है कि उन्हें जरूरत से ज्यादा सेवाओं के लिए भुगतान करना पड़ता है। खासतौर पर ऐसे ग्राहक जो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते, उनके लिए डेटा वाले प्लान अतिरिक्त खर्च बन जाते हैं। TRAI का यह कदम इसी समस्या को दूर करने की कोशिश है। अगर नया नियम लागू होता है तो मोबाइल रिचार्ज का तरीका बदल सकता है और ग्राहकों को पहली बार अपनी जरूरत के हिसाब से सिर्फ कॉलिंग वाला सस्ता विकल्प मिल सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
