यूपी भाजपा में नई टीम गठन की तैयारी तेज, लखनऊ में बैठकों का दौर शुरू

BJP News: उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े लखनऊ में नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। नई टीम और राजनीतिक नियुक्तियों पर जल्द फैसला हो सकता है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 2027 में फिर जीत का दावा किया।

Apr 12, 2026 - 15:40
 0
यूपी भाजपा में नई टीम गठन की तैयारी तेज, लखनऊ में बैठकों का दौर शुरू

UP Politics: उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन में बदलाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े लखनऊ पहुंचे और पार्टी कार्यालय में लगातार बैठकों का दौर शुरू हो गया। यह बैठकें आगामी संगठनात्मक बदलाव और नई टीम के गठन को लेकर अहम मानी जा रही हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर जमीनी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों के आधार पर जल्द ही उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम और राजनीतिक नियुक्तियों पर फैसला लिया जा सकता है।

बड़े नेताओं से मुलाकात, दिल्ली भी जाएंगे प्रदेश अध्यक्ष
लखनऊ पहुंचने के बाद विनोद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। बैठक के बाद पंकज चौधरी दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां वह केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। वहीं देर शाम तक तावड़े की मुलाकात डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से भी होने की संभावना है। इसके अलावा सोमवार को उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तय मानी जा रही है।

महिला मंत्रियों के साथ भी बैठक की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी कार्यालय में महिला मंत्रियों को भी बुलाया गया है। उनके साथ नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर चर्चा हो सकती है। पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी भी इस दौरान कार्यालय में मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि विनोद तावड़े सोमवार को भी लखनऊ में रुकेंगे और राज्य की जमीनी स्थिति पर रिपोर्ट तैयार करेंगे।

तीन साल बाद संगठन में बदलाव की तैयारी
पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नियुक्ति के बाद अब राज्यों में भी नई टीम बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी रणनीति के तहत उत्तर प्रदेश में करीब तीन साल बाद संगठन में बदलाव की तैयारी हो रही है। तावड़े के लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश नेतृत्व ने उनका स्वागत भी किया।

2027 में फिर सरकार बनाने का दावा
इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा में इस तरह की बैठकें सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, वहीं ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता वसीयत से नहीं मिलती, बल्कि जनता के आशीर्वाद से मिलती है। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष पर सवाल उठाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।