उन्नाव में एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटी स्लीपर बस, महिला की मौत, 22 से ज्यादा घायल
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण बस दुर्घटना हुई। बस पलटने से एक महिला की मौत हो गई और 22 से अधिक यात्री घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से लखनऊ आ रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 239 पर सुबह करीब 7 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लखनऊ जा रही स्लीपर बस में कुल 52 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
नींद में थे यात्री, मची अफरा-तफरी
हादसे के समय बस में ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगने से सभी की नींद खुल गई और बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जो लखनऊ की रहने वाली बताई जा रही है।
घायलों को तुरंत पहुंचाया गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा गया। यहां से दो गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज उन्नाव के जिला अस्पताल में जारी है।
क्रेन से हटाई गई बस, बहाल हुआ यातायात
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित हो गया था। बाद में क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
