बिहार को मिला नया मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर लगी मुहर

Samrat Chaudhary Bihar CM: सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री चुने गए हैं और 15 अप्रैल को शपथ लेंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। उन्होंने इसे सेवा का अवसर बताया। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह फैसला हुआ और अब बिहार में नई सरकार बनने जा रही है।

Apr 14, 2026 - 15:26
 0
बिहार को मिला नया मुख्यमंत्री,  विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर लगी मुहर

Bihar New Chief Minister 2026: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। अब वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने के बाद मुख्यमंत्री पद खाली हुआ था, जिसके बाद नए चेहरे को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी।

विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से चुने गए नेता
पटना में हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान, नितिन नबीन और अन्य बड़े नेता मौजूद रहे। विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने आधिकारिक घोषणा की। इसके बाद सम्राट चौधरी राज्यपाल से मिलने के लिए रवाना होने वाले हैं। उपेंद्र कुशवाहा सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

सम्राट चौधरी का बयान, यह पद नहीं सेवा का अवसर
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे और बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम तक ले जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

राजनीतिक सफर और परिवार की पृष्ठभूमि
16 नवंबर 1968 को जन्मे सम्राट चौधरी की शादी ममता कुमारी से हुई है। उनके पिता शकुनी चौधरी एक बड़े समाजवादी नेता रहे हैं और कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे। बाद में उन्होंने नीतीश कुमार का साथ दिया। सम्राट चौधरी ने राजनीति की शुरुआत आरजेडी से की थी, फिर जेडीयू में शामिल हुए और बाद में बीजेपी का दामन थामा। वे 2014 में जीतन राम मांझी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।

बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, नया रिकॉर्ड भी बनाया
सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वह उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और बाद में मुख्यमंत्री बने। इससे पहले केवल कर्पूरी ठाकुर ही इस सूची में थे। अब सम्राट चौधरी ने भी यह उपलब्धि हासिल कर ली है। उनके नेतृत्व में बिहार में नई सरकार का गठन होने जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।