मैं मिलूं या न मिलूं... स्वास्थ्य खराब होने के बीच प्रेमानंद महाराज का भावुक संदेश वायरल
Premanand Maharaj: प्रेमानंद महाराज ने स्वास्थ्य खराब होने और एकांतवास में जाने के बाद पहली बार भक्तों के लिए वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि वह भक्तों से बहुत प्रेम करते हैं और सभी को भजन, नाम जप और राधा रानी के आश्रय में रहने का संदेश दिया है।
पिछले कई दिनों से प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित करोड़ों भक्तों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। तबीयत बिगड़ने और एकांतवास में जाने के बाद प्रेमानंद महाराज ने पहली बार वीडियो जारी कर अपने अनुयायियों को भावुक संदेश दिया है। उन्होंने भक्तों को ढांढस बंधाते हुए कहा, मैं मिलूं या न मिलूं, बोलूं या न बोलूं… मैं आप सबसे बहुत प्यार करता हूं। स्वास्थ्य कारणों की वजह से उनकी रात्रि पदयात्रा और भक्तों के साथ होने वाला एकांतिक वार्तालाप फिलहाल बंद कर दिया गया है। लंबे समय से रोजाना उनके दर्शन और सत्संग पाने वाले भक्त इस खबर से चिंतित थे। ऐसे में उनका यह नया संदेश सामने आने के बाद भक्तों ने राहत की सांस ली है।
17 मई से बंद हैं पदयात्रा और सत्संग
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इसी वजह से 17 मई से उनकी रात्रि पदयात्रा और भक्तों के साथ होने वाला एकांतिक वार्तालाप अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। अचानक दर्शन और सत्संग बंद होने से देशभर में फैले उनके करोड़ों अनुयायी परेशान हो गए थे। सोशल मीडिया पर लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं की जा रही थीं। भक्त लगातार उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी जानना चाह रहे थे।
वीडियो जारी कर भक्तों को दिया संदेश
भक्तों की चिंता को देखते हुए उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से एक वीडियो साझा किया गया। वीडियो में प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों से कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, आपको यह चिंता नहीं करनी है कि हमारा उत्थान कैसे होगा। बिना बोले ही मैं तुम्हारे दिमाग में रहूंगा और तुम वही करोगे जो तुम्हारे गुरुदेव कहेंगे। उन्होंने सभी भक्तों से अपनी सेवा और साधना में लगे रहने की अपील भी की।
नाम जप और भजन करते रहो
अपने संदेश में प्रेमानंद महाराज ने कहा कि वह अभी कुछ समय तक एकांतवास में रहेंगे। उन्होंने कहा, जब हमारा मन होगा तब बोल देंगे, अभी हम मौन और एकांतवास में हैं। इसके साथ ही उन्होंने भक्तों को गुरु-मंत्र देते हुए कहा कि खूब नाम जप और भजन करो, राधा रानी के आश्रय में रहो और सुखी रहो। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भक्त उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
