डाइट में बदलाव की सलाह: हार्ट हेल्थ के लिए प्लांट बेस्ड प्रोटीन अपनाने पर जोर
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन बेहतर हृदय स्वास्थ्य और वजन नियंत्रण के लिए डेयरी उत्पादों में मौजूद वसा को कम करने और पौधों से प्राप्त प्रोटीन को अपनाने का सुझाव देता है।
दिल की बीमारियों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने लोगों को अपनी डाइट में बदलाव करने की सलाह दी है। एसोसिएशन के अनुसार, डेयरी फैट का सेवन कम कर प्लांट बेस्ड प्रोटीन को अपनाना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। इस विषय पर आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के यूनिट हेड Dr. Subhash Giri ने भी विस्तार से जानकारी दी और बताया कि सही खान-पान से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
क्या होता है प्लांट बेस्ड प्रोटीन
डॉ. के अनुसार, प्लांट बेस्ड प्रोटीन वह प्रोटीन होता है जो हमें पौधों से मिलता है। इसमें कई जरूरी एमिनो एसिड, फाइबर और विटामिन मौजूद होते हैं। यह शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है और कई मामलों में जानवरों से मिलने वाले प्रोटीन से ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। खासकर जिन लोगों को मोटापा या दिल से जुड़ी समस्याएं हैं, उनके लिए यह बेहतर विकल्प हो सकता है।
किन चीजों में मिलता है यह प्रोटीन
प्लांट बेस्ड प्रोटीन कई सामान्य खाद्य पदार्थों में आसानी से मिल जाता है। इसमें मूंग, मसूर और अरहर जैसी दालें, चना, राजमा, सोयाबीन, बादाम, अखरोट, चिया सीड, क्विनोआ और ब्राउन राइस शामिल हैं। ये सभी चीजें शरीर को पोषण देने के साथ-साथ पाचन को भी बेहतर बनाती हैं।
डेयरी प्रोटीन से क्यों है बेहतर
डॉक्टर बताते हैं कि डेयरी प्रोटीन जैसे दूध, घी और मक्खन में सैचुरेटेड फैट ज्यादा होता है, जिससे हार्ट की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वहीं प्लांट बेस्ड प्रोटीन में फैट कम होता है और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और ओवरईटिंग कम होती है। इससे वजन नियंत्रण में रहता है और दिल स्वस्थ रहता है। साथ ही डेयरी प्रोडक्ट्स से कुछ लोगों को लैक्ट्रोज इंटॉलरेंस की समस्या भी हो सकती है।
जरूरी है डॉक्टर की सलाह
डॉ. का कहना है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए डाइट बदलने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। खासकर जो लोग पूरी तरह प्लांट बेस्ड डाइट अपनाना चाहते हैं, उन्हें विटामिन B12 और आयरन की कमी का ध्यान रखना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
