कर्ज से बचने के लिए रची लूट की साजिश, जांच में खुद ही निकला आरोपी
कौशांबी पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने लाखों रुपये के कर्ज को चुकाने से बचने के लिए फर्जी डकैती का नाटक रचा था।
कौशांबी जिले में पुलिस ने फर्जी लूट की एक सनसनीखेज कहानी का खुलासा किया है। पश्चिम शरीरा थाना पुलिस ने जांच के बाद जिस व्यक्ति ने खुद लूट की शिकायत दर्ज कराई थी, उसी को आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक युवक ने अपने ऊपर चढ़े भारी कर्ज से बचने के लिए झूठी लूट की कहानी रची थी। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर नगदी और सोने की चेन लूट ली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरा मामला फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
2 मई को दर्ज कराई थी लूट की शिकायत
पुलिस के अनुसार आरोपी विमल कुमार ने 2 मई को पश्चिम शरीरा थाने में लूट की सूचना दी थी। उसने बताया था कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और बंधक बनाकर उसके पास मौजूद नगदी और सोने की चेन लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई।
जांच में खुली फर्जी कहानी की पोल
पुलिस जांच के दौरान कई बातें संदिग्ध मिलीं। लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि मामला पूरी तरह फर्जी है। आखिरकार जांच में सामने आया कि विमल कुमार ने खुद ही यह कहानी बनाई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर अलग-अलग लोगों का करीब 6.5 लाख रुपये का कर्ज था। जानकारी के अनुसार उसने अरविंद यादव नामक व्यक्ति से लगभग 50 हजार रुपये उधार लिए थे और पैसे लौटाने का दबाव बनाया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला सच
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कर्ज चुकाने में असमर्थ था। इसी कारण उसने पैसे न लौटाने के इरादे से झूठी लूट की कहानी बनाई और पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। पश्चिम शरीरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
