जौनपुर में एक ही स्कूल में दूसरी बार फायरिंग, बच्चों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अज्ञात बदमाशों ने एक निजी स्कूल पर दूसरी बार गोलीबारी की। स्कूल बंद होने के कारण किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने गोलियों के खाली खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

Feb 15, 2026 - 13:20
 0
जौनपुर में एक ही स्कूल में दूसरी बार फायरिंग, बच्चों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक निजी स्कूल में दूसरी बार फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। बदलापुर थाना क्षेत्र के भलुआही स्थित एक नामी स्कूल में शनिवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने पहुंचकर कई राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए। घटना के समय स्कूल बंद था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। इससे पहले 27 जनवरी को भी इसी स्कूल में चार राउंड फायरिंग की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक आरोपी पकड़े नहीं जा सके। लगातार दूसरी बार हुई फायरिंग ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं और अभिभावकों में डर का माहौल है।

दूसरी बार फायरिंग से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम बदमाश स्कूल परिसर में घुसे और कई राउंड गोलियां चला दीं। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि उस समय स्कूल बंद था और बच्चे, शिक्षक व स्टाफ घर जा चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मौके से बरामद हुए खोखे, CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से कई कारतूस के खोखे बरामद किए। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

पहले भी हो चुकी है गोलीबारी
बताया गया कि 27 जनवरी को भी इसी स्कूल में चार राउंड फायरिंग हुई थी। उस समय स्कूल का सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया था और गोलियां स्कूल के गेट व शीशों में लगी थीं। स्कूल निदेशक थॉमस जोसेफ की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। अब दोबारा घटना होने से लोगों में नाराजगी है।

अभिभावकों में डर, पुलिस पर उठे सवाल
लगातार दूसरी बार स्कूल में गोलीबारी होने से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।