15 साल के गोपाल के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा, ग्रेटर नोएडा कांड पर सख्त हुए ब्रजेश पाठक
Brajesh Pathak: ग्रेटर नोएडा के जेवर में 15 वर्षीय छात्र गोपाल शर्मा की हत्या के मामले में यूपी सरकार सख्त हो गई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 15 वर्षीय छात्र गोपाल शर्मा की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार भी सख्त नजर आ रही है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने साफ कहा है कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और इस जघन्य हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
दरिंदों को अंजाम तक पहुंचाएगी सरकार: ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के बनवारीवास गांव में 15 साल के गोपाल शर्मा की हत्या बेहद पीड़ादायक और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य को अंजाम देने वाले दरिंदों को सरकार उनके अंजाम तक जरूर पहुंचाएगी। ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्होंने यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी राजीव कृष्ण के साथ बैठक कर मामले में जल्द खुलासे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा।
मुख्यमंत्री से मिले विधायक धीरेंद्र सिंह
गोपाल हत्याकांड को लेकर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। विधायक ने कहा कि परिवार को सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि न्याय भी मिलना चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस मामले को बेवजह तूल देने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर रहा है और किसी निर्दोष को सजा नहीं दी जाएगी।
पुलिस एनकाउंटर में 3 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि साबौता रजवाहे के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला गोपाल शर्मा 21 मई की शाम से लापता था। अगले दिन 22 मई की रात उसका शव पड़ोसी गांव रोही के एक बंद पड़े मकान से बरामद हुआ था। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
