अयोध्या में दिखा ऑस्ट्रेलिया का अनोखा ‘इमू’, बहू बेगम मकबरे में बना आकर्षण का केंद्र
अयोध्या में बहू बेगम के मकबरे पर दुर्लभ ऑस्ट्रेलियाई एमू पक्षी देखा गया। वन विभाग ने इस अनोखी प्रजाति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
धार्मिक नगरी अयोध्या से एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां स्थित बहू बेगम का मकबरा परिसर में एक विदेशी पक्षी ‘इमू’ देखा गया है, जो आमतौर पर भारत में नहीं पाया जाता। यह पक्षी ऑस्ट्रेलिया का मूल निवासी है और उड़ नहीं सकता, लेकिन अपनी अलग बनावट और तेज दौड़ने की क्षमता के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस अनोखे पक्षी को देखने के लिए अब स्थानीय लोग और पर्यटक उत्साहित नजर आ रहे हैं।
मकबरे में दिखा ‘इमू’ का जोड़ा
वन विभाग के अनुसार, बहू बेगम मकबरे में ‘इमू’ पक्षियों का एक जोड़ा मौजूद है। प्रणव जैन ने बताया कि यह एक फ्लाइटलेस बर्ड है, जो ऑस्ट्रेलिया की नेटिव प्रजाति है। इसका संबंध शुतुरमुर्ग जैसे बड़े पक्षियों से माना जाता है। इसकी लंबी गर्दन और मजबूत पैर इसे खास बनाते हैं।
भारतीय कानून से अलग है इसकी श्रेणी
वन विभाग ने साफ किया कि ‘इमू’ भारतीय मूल का पक्षी नहीं है, इसलिए इसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित प्रजातियों में शामिल नहीं किया गया है। विदेशी यानी एक्जॉटिक प्रजातियों के लिए अलग नियम होते हैं, जिनके तहत इनके पालन-पोषण और देखभाल की व्यवस्था की जाती है।
तेज दौड़ने वाला लेकिन उड़ नहीं सकता
‘इमू’ दुनिया के सबसे बड़े उड़ानहीन पक्षियों में गिना जाता है। यह उड़ नहीं सकता, लेकिन बहुत तेज दौड़ सकता है और तैर भी सकता है। इसकी खास बनावट और व्यवहार इसे लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना देते हैं। आमतौर पर यह फल, बीज, घास, कीड़े और छोटे जीवों को खाता है।
लोगों में बढ़ी उत्सुकता, उठ रहे सवाल
ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर इस विदेशी पक्षी की मौजूदगी लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गई है। लोग इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि यह ऑस्ट्रेलियाई पक्षी यहां कैसे पहुंचा और इसकी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा रही है।
पर्यटन के लिए बन सकता है नया आकर्षण
अयोध्या, जहां आस्था और इतिहास का संगम है, वहां अब यह अनोखा ‘इमू’ भी चर्चा का केंद्र बन गया है। वन विभाग की निगरानी में मौजूद यह जोड़ा आने वाले समय में पर्यटन के लिए नया आकर्षण साबित हो सकता है।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
