डिलीवरी बॉय के पैन कार्ड पर 9.49 करोड़ का कारोबार… कौन चला रहा है फर्जी कंपनी? चौंकाने वाला खुलासा

बिजनौर में एक डिलीवरी बॉय के पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर करोड़ों का फर्जी कारोबार दिखाया गया। आयकर विभाग के नोटिस से परेशान पीड़ित न्याय की गुहार लगा रहा है। फर्जी दस्तावेजों से फर्म रजिस्टर कर उसे कानूनी संकट में डाल दिया गया है।

Apr 20, 2026 - 15:02
 0
डिलीवरी बॉय के पैन कार्ड पर 9.49 करोड़ का कारोबार… कौन चला रहा है फर्जी कंपनी? चौंकाने वाला खुलासा

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर तहसील क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गरीब डिलीवरी बॉय के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उसके नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार खड़ा कर दिया गया। इस घटना के बाद पीड़ित आयकर विभाग के नोटिसों और कानूनी परेशानियों से जूझ रहा है। वह पिछले करीब एक साल से विभाग के चक्कर लगा रहा है और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।

डिलीवरी बॉय की जिंदगी में आया अचानक बदलाव
धामपुर के गांव पृथ्वीपुर बनवारी निवासी फिरोज अहमद रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसकी जिंदगी उस समय बदल गई जब अगस्त 2025 में उसे आयकर विभाग का नोटिस मिला। नोटिस में बताया गया कि उसके पैन कार्ड पर ‘WYN IMPEX’ नाम की एक फर्म रजिस्टर्ड है, जिसने अगस्त 2020 में करीब 9.49 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाया है।

फर्जी दस्तावेजों से हुआ फर्म का रजिस्ट्रेशन
यह जानकारी सुनकर फिरोज हैरान रह गया। उसका कहना है कि उसने कभी कोई व्यापार नहीं किया। जांच में पता चला कि 14 जुलाई 2020 को उसके पैन कार्ड का इस्तेमाल कर फर्म का रजिस्ट्रेशन किया गया था। इसमें इस्तेमाल मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, दस्तावेज और हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी पाए गए।

पुलिस से शिकायत, लेकिन कार्रवाई नहीं
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस और जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा से की है। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं आयकर विभाग की ओर से लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक तनाव में है और आर्थिक रूप से भी टूट चुका है।

प्रशासन से मदद की गुहार
फिरोज का कहना है कि उसके पास न तो इतने पैसे हैं और न ही लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने की क्षमता। उसने प्रशासन से जल्द मदद की अपील की है। गौरतलब है कि बिजनौर जैसे जिलों में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां गरीब और निर्दोष लोगों को फर्जी फर्मों के जरिए फंसाया गया है। फिलहाल प्रशासन जांच की बात कर रहा है, लेकिन पीड़ित को अभी तक राहत नहीं मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।