लखनऊ अग्निकांड हादसे के बाद खुली प्रशासन की नींद, अमेठी में कई कोचिंग सेंटरों पर एसडीएम ने मारा छापा, मिलीं गंभीर खामियां

लखनऊ अग्निकांड के बाद अमेठी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसडीएम ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया, जहां फायर सेफ्टी, रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा मानकों में कई गंभीर खामियां मिलीं। कई संस्थान बंद मिले तो कई संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।

Jun 24, 2026 - 09:02
Jun 24, 2026 - 09:04
 0
लखनऊ अग्निकांड हादसे के बाद खुली प्रशासन की नींद, अमेठी में कई कोचिंग सेंटरों पर एसडीएम ने मारा छापा, मिलीं गंभीर खामियां

लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद अमेठी जिला प्रशासन ने भी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने क्षेत्राधिकारी मनोज मिश्रा के साथ आरआर पीजी कॉलेज के आसपास संचालित दर्जनों कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई संस्थानों में फायर सेफ्टी, रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। प्रशासन ने सभी संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए साफ कर दिया कि अगली बार लापरवाही मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण में मिली कई खामियां
जांच के दौरान कई कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव मिला। कहीं आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी तो कुछ संस्थान बिना आवश्यक रजिस्ट्रेशन के संचालित होते पाए गए। कई कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चल रहे थे, जहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने इन सभी कमियों को गंभीर मानते हुए संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

'छात्रों की सुरक्षा से नहीं होगा समझौता'
एसडीएम पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संचालकों को निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करनी होंगी। ऐसा न करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्राधिकारी मनोज मिश्रा ने कहा कि शासन द्वारा तय किए गए सभी सुरक्षा मानकों का पालन प्रत्येक कोचिंग सेंटर के लिए अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी संस्थानों को फायर एनओसी, दो आपातकालीन निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरे, प्राथमिक उपचार किट और पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा गया कि अगली बार निरीक्षण में यदि कमियां मिलीं तो बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप
अचानक हुए निरीक्षण के बाद कोचिंग संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। कई संस्थान निरीक्षण के दौरान बंद मिले, जबकि कई संचालकों ने जल्द से जल्द सभी कमियां दूर करने का भरोसा दिया। निरीक्षण के दौरान तहसील और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भी मौजूद रही। लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन का यह अभियान इस बात का संकेत है कि अब छात्रों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में जिले के अन्य कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों में भी इसी तरह के निरीक्षण किए जाने की संभावना है।

रिपोर्ट-: बृजेश मिश्रा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0