अफवाहों से अमेठी में पेट्रोल पंपों पर मची होड़, लंबी कतारों से बढ़ी परेशानी
अफवाहों के चलते अमेठी में पेट्रोल और डीजल की अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं, जबकि वास्तव में कोई कमी नहीं थी।
अमेठी जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल को लेकर अफवाहों का असर साफ दिखाई दे रहा है। अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और लोग घबराहट में फ्यूल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग अपने टैंक फुल कराने की होड़ में लगे हैं। हालांकि तेल कंपनियों ने साफ कर दिया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद पैनिक बाइंग का माहौल बना हुआ है।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
अमेठी जिले के सैकड़ों पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वाहन चालक अपने-अपने वाहनों के टैंक फुल कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं। खासकर संग्रामपुर क्षेत्र के अमेठी-किठावर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर स्थिति ज्यादा गंभीर दिखाई दी, जहां लंबी कतारों के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
हर तरह के बर्तनों में भरवा रहे ईंधन
स्थिति इतनी बढ़ गई है कि लोग सिर्फ अपने वाहनों में ही नहीं, बल्कि प्लास्टिक के डिब्बों, पानी की टंकियों और छोटी-बड़ी बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। इससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से संयम बरतने की अपील की जा रही है।
डीजल के लिए भी लगी लंबी लाइनें
पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की मांग भी अचानक बढ़ गई है। ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य बड़े वाहन भी पेट्रोल पंपों पर लाइन में लगे दिखाई दे रहे हैं। अमेठी तहसील क्षेत्र के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर यही स्थिति देखने को मिली, जहां हर कोई जल्द से जल्द अपना टैंक भरवाना चाहता है।
तेल कंपनियों ने दी सफाई
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई में किसी तरह की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट फैल रही है, जिससे पैनिक बाइंग की स्थिति बन रही है।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0
