थाने में युवक ने कहा- मेरे अंदर जिन्न है, पुलिस का पट्टा देखते ही उतर गया भूत
Uttar Pradesh News: उन्नाव के थाने में एक युवक ने खुद में जिन्न होने का ड्रामा किया, लेकिन पुलिस के पट्टा दिखाते ही वह ठीक हो गया। जमीन विवाद के चलते मामला थाने पहुंचा था। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Unnao News: कहते हैं न कि पुलिस वालों की मार देख के अच्छों अच्छों का भूत निकल जाता है, ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने थाने में खुद के अंदर ‘जिन्न’ होने का ड्रामा किया। युवक अजीब आवाजें निकाल रहा था और उल्टी-सीधी हरकतें कर रहा था, जिससे वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। जैसे ही पुलिस ने सख्ती दिखाई और पट्टा निकाला, युवक अचानक सामान्य हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जमीन विवाद के चलते पहुंचा था मामला थाने तक
जानकारी के अनुसार, यह वायरल वीडियो करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। दुर्गागंज निवासी पंकज कुमार ने राजेश नाम के व्यक्ति से जमीन का सौदा तय किया था और इसके लिए 10 हजार रुपये का बयाना भी लिया गया था। लेकिन बाद में जांच में जमीन विवादित निकली, जिसके बाद राजेश ने सौदा करने से इनकार कर दिया और अपना पैसा वापस मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला थाने तक पहुंच गया।
थाने में युवक ने किया जिन्न का नाटक
थाने में मौजूद रहते हुए पंकज कुमार अचानक अजीब हरकतें करने लगा। वह जोर-जोर से बोलने लगा कि उसके अंदर जिन्न है और वह शोर मचाने लगा। शोर सुनकर थाना प्रभारी राहुल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक से पूछा कि जिन्न कहां है, तो युवक ने कहा कि वह उसे बुला रहा है। इस दौरान युवक का ड्रामा लगातार जारी रहा, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पट्टा देखते ही खत्म हुआ ड्रामा
स्थिति को संभालने के लिए थाना प्रभारी ने एक पुलिसकर्मी से पट्टा मंगवाया। जैसे ही युवक को पट्टा दिखाया गया, वह तुरंत शांत हो गया और उसकी हरकतें बंद हो गईं। कुछ ही सेकंड में ‘जिन्न’ का पूरा ड्रामा खत्म हो गया। इसके बाद थाना प्रभारी ने युवक को फटकार लगाई और थप्पड़ भी मारे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिस की इस कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
