नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी से इलाके में तनाव
नोएडा में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें तोड़फोड़ और आगजनी हुई। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सेक्टर 60, 62 और 84 सहित आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और प्रशासन को भारी संख्या में तैनात होना पड़ा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति को नियंत्रण में रखा गया, लेकिन इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वेतन वृद्धि की मांग बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, नोएडा के फेस-2 क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था। शुरुआत में यह शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में कुछ श्रमिक उग्र हो गए और उन्होंने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ जगहों पर आगजनी भी की गई।
इलाके में छावनी जैसे हालात
घटना के बाद सेक्टर 60, 62 और 84 सहित आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। जहां आम दिनों में लोगों की भारी भीड़ रहती है, वहां पुलिस के जवानों की तैनाती और सायरन बजाती गाड़ियों की आवाजाही देखने को मिली। माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन प्रशासन की सख्ती से स्थिति काबू में रही।
यातायात प्रभावित, लोग हुए परेशान
उपद्रव के दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां तक कि एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। कई लोग इस हिंसा में घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस की सख्ती और जांच जारी
मंगलवार को भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर नजर बनाए हुए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
