निकाह की सलामी में सोना नहीं मिला तो भड़की बारात, दुल्हन के मामा को पीट-पीटकर किया लहूलुहान

Uttar Pradesh News: मुरादाबाद में निकाह के दौरान सलामी की रस्म में सोने की मांग को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि जमकर मारपीट हुई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अब पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Apr 15, 2026 - 10:25
 0
निकाह की सलामी में सोना नहीं मिला तो भड़की बारात, दुल्हन के मामा को पीट-पीटकर किया लहूलुहान

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक निकाह समारोह के दौरान खुशी का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। लात-घूंसे, बेल्ट और लाठियां तक चलीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। अब पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

सलामी की रस्म में हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंची बात
यह मामला मूढा पांडेय थाना क्षेत्र के दलपतपुर स्थित एक मैरिज हॉल का है। यहां सलामी (नेग) की रस्म के दौरान मामूली विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। जानकारी के मुताबिक, अम्बा डिलारी निवासी भूरा की भांजी मेनाज जहां का निकाह था। दूल्हा गुलाबबाड़ी (कटघर) क्षेत्र से बारात लेकर पहुंचा था। इसी दौरान बिचौलिया और लड़के पक्ष के लोगों ने सोने की अंगूठी और बालियों की मांग कर दी।

गरीबी जताने पर शुरू हुई गाली-गलौज और हमला
जब लड़की पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कही, तो विवाद शुरू हो गया। पहले गाली-गलौज हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बारात में करीब 250 लोग थे, जबकि लड़की पक्ष से केवल 10-12 लोग ही मौजूद थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर बिचौलियों और बारातियों ने लड़की पक्ष पर हमला कर दिया।

कई लोग घायल, पुलिस ने मौके पर संभाली स्थिति
इस हमले में कई लोग घायल हो गए। लड़की के मामा भूरा के चेहरे पर गंभीर चोट आई है, जबकि 3-4 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया।

पीड़ित पक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित भूरा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बिचौलिया और दूल्हे की बहन ने सलामी में सोने की अंगूठी की मांग की थी। लड़की से जबरन कसम भी खिलवाई गई और फिर अचानक हमला कर दिया गया। घटना के बाद जैसे-तैसे विदाई की रस्म पूरी कराई गई। अब पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।