लखनऊ में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग करने वाले दो चेन लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
लखनऊ के गाजीपुर इलाके में पुलिस मुठभेड़ के बाद चेन छीनने के मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी को गोली लगी।
राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और चेन लूट करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सर्वोदय नगर चौकी इलाके के कल्याण अपार्टमेंट के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, लूटी गई चेन और घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कूटी बरामद की है।
19 फरवरी की लूट का खुलासा
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि 19 फरवरी 2026 को सर्वोदय नगर चौकी क्षेत्र में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने विमला नाम की महिला के गले से झपट्टा मारकर चेन लूट ली थी। सरेराह हुई इस वारदात के बाद एसीपी के नेतृत्व में पूर्वी जोन की क्राइम ब्रांच और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना, हुई मुठभेड़
शनिवार देर रात पुलिस टीम सर्वोदय नगर बंधा रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक कल्याण अपार्टमेंट की ओर से शक्ति नगर ढाल की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि स्कूटी पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुल्तानपुर के मूल निवासी और वर्तमान में चिनहट के मल्हौर रोड स्थित हारूनी मस्जिद निवासी 27 वर्षीय मोहम्मद रानू के पैर में गोली लगी। उसके साथी 26 वर्षीय रिजवान, निवासी बड़ा खदान, मड़ियांव, को सकुशल गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनका आपराधिक इतिहास भी है। पूछताछ में उन्होंने 19 फरवरी की चेन लूट की घटना कबूल की। मौके से दो अवैध तमंचे, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, महिला से लूटी गई टूटी चेन और चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
