लौकी से बनाएं पनीर जैसे स्वादिष्ट कोफ्ते, खाने वाले पहचान नहीं पाएंगे फर्क
इस आसान स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी से सीखें कि पनीर जैसा स्वाद देने वाले स्वादिष्ट लौकी कोफ्ते कैसे बनाते हैं।
अगर आप भी लौकी की सब्जी देखकर मुंह बना लेते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। आमतौर पर लौकी का स्वाद हर किसी को पसंद नहीं आता, लेकिन अब इसी लौकी से आप इतनी स्वादिष्ट डिश बना सकते हैं कि लोग बार-बार मांगेंगे। आज हम आपको लौकी के ऐसे कोफ्ते बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं, जो दिखने और स्वाद में पनीर जैसे लगेंगे। खास बात यह है कि इस रेसिपी को बनाने के बाद लोग पहचान भी नहीं पाएंगे कि ये लौकी से बने हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
लौकी और सोयाबीन से तैयार करें बेस
सबसे पहले लौकी को बारीक कद्दूकस कर लें। इसके बाद सोयाबीन की बड़ी को अच्छी तरह धोकर 10 मिनट तक गर्म पानी में भिगो दें। फिर इसे मिक्सी में दरदरा पीस लें और लौकी में मिला दें। अब इसमें थोड़ा बेसन डालें, जो सिर्फ बाइंडिंग के लिए होगा।
मसाले मिलाकर करें मिश्रण तैयार
अब इस मिश्रण में काली मिर्च, नमक, हरी मिर्च, हींग, जीरा, हल्का क्रश किया हुआ साबुत धनिया और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिला लें। फिर एक केक टिन या गहरी थाली में तेल या घी लगाकर इस पेस्ट को उसमें सेट कर दें।
स्टीम करके बनाएं पनीर जैसे टुकड़े
अब एक कड़ाही में पानी गर्म करें और उसके ऊपर छन्नी या स्टैंड रख दें। इसके ऊपर टिन रखकर 20 मिनट तक मीडियम आंच पर पकाएं। जब मिश्रण अच्छी तरह पक जाए, तो इसे ठंडा होने दें। इसके बाद चाकू से पनीर जैसे टुकड़ों में काट लें।
फ्राई कर बढ़ाएं स्वाद
इन टुकड़ों को आप सीधे ग्रेवी में डाल सकते हैं या स्वाद बढ़ाने के लिए तेल में डीप फ्राई कर सकते हैं। हाई फ्लेम पर हल्का सुनहरा होने तक फ्राई करें।
मसालेदार ग्रेवी में डालकर करें तैयार
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें तेज पत्ता, लौंग, हरी इलायची, बड़ी इलायची, दालचीनी और काली मिर्च डालें। फिर हरी मिर्च और बारीक कटी प्याज डालकर सुनहरा भून लें। इसमें टमाटर का पेस्ट, नमक, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं। जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब पानी डालकर उबाल आने दें। अब इसमें तैयार कोफ्ते डालें और कुछ देर पकाएं।
स्वादिष्ट डिश है तैयार
आपके स्वादिष्ट लौकी के कोफ्ते तैयार हैं। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं और गरमा-गरम परोसें। एक बार इस तरह बनाकर खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
