खोड़ा में ढाबे पर मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में दो युवकों की मौत
गाजियाबाद के खोड़ा में एक ढाबे पर खाने और बिल को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से हुए हमले में दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस जांच जारी है।
जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंबेडकर गेट के पास स्थित एक ढाबे पर खाना देर से मिलने और बिल को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इस झगड़े में चाकू से हमला कर दो युवकों की हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खाना और बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे खोड़ा निवासी सत्यम (26), श्रीपाल (25) और उनका दोस्त अनुराग ई-रिक्शा से अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। तीनों एक फैक्ट्री में काम करते थे। ढाबे पर शराब के साथ खाने का सामान मंगवाने को लेकर पहले कहासुनी हुई। इसके बाद जब युवकों ने खाने का बिल मांगा तो ढाबा कर्मचारियों से उनका विवाद और बढ़ गया।
चाकू से हमला, दो की मौके पर मौत
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान ढाबा कर्मचारियों ने चाकू या किसी नुकीले हथियार से तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू लगने से सत्यम और श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने को लेकर विवाद सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली बातों पर बढ़ती हिंसा चिंता का विषय है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0