कौशाम्बी में आधी रात जेसीबी से सड़क और दीवार तोड़ी, भाजपा नेता के पति पर गंभीर आरोप
कौशांबी में सड़क और दीवार तोड़ने के आरोप में भाजपा नेता के पति पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों पर ही आम जनता को परेशान करने और जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगे हैं। नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 24 बिसुई रोड पर देर रात जेसीबी से सीसी सड़क खोदने और दीवार गिराने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि यह कार्रवाई भाजपा की नगर पालिका अध्यक्ष के पति के इशारे पर की गई। स्थानीय लोगों ने इस मामले में पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
रात में जेसीबी लेकर पहुंचे, सड़क और दीवार तोड़ी
शिकायतकर्ता अजय मौर्य के अनुसार, बीती रात करीब 10 बजे नगर पालिका अध्यक्ष के पति आशीष अपने कई गुर्गों और कर्मचारियों के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ दिन पहले बनी सीसी सड़क को खोद दिया और अजय की जमीन पर बनी दीवार को भी गिरा दिया। इस दौरान जब अजय ने विरोध किया, तो उसे धमकी दी गई।
पहले भी कब्जे की कोशिश का आरोप
अजय मौर्य ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी आरोपी लोग आबादी की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए थे। उस समय उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया था, जिसके बाद पुलिस के पहुंचते ही सभी लोग वहां से भाग गए थे। लेकिन इस बार रात में दोबारा आकर उन्होंने सड़क और दीवार को नुकसान पहुंचाया।
धमकी देकर डराने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि उनकी सरकार है और प्रशासन भी उनके साथ है। इस घटना के बाद पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
इस मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि यह नगर पालिका का मामला है और जमीन का निर्धारण एसडीएम करेंगे। वहीं कोखराज थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत समस्या समाधान दिवस में मिली है और जांच के लिए नगर पालिका ईओ राम सिंह व लेखपाल को निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
