92% नंबर लाने वाली छात्रा ने की आत्महत्या, कानपुर में दर्दनाक घटना
सीबीएसई के परिणाम घोषित होने के बाद कानपुर के 16 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली, वॉइस नोट छोड़ा। पुलिस शिक्षक उत्पीड़न के पहलू से मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी इलाके से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सीबीएसई कक्षा 10 में 92 प्रतिशत अंक लाने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने रिजल्ट आने के अगले ही दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले छात्रा ने अपने दोस्तों को एक वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी थी, जिसमें उसने गहरी मानसिक पीड़ा जाहिर की। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
छात्रा ने दोस्तों को भेजी थी वॉयस रिकॉर्डिंग
मृत छात्रा की पहचान वैशाली सिंह के रूप में हुई है, जो पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर शिवालिक भवन में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसने आत्महत्या से पहले अपने कुछ दोस्तों को मोबाइल पर वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी थी। इसमें उसने कहा कि “अब मुझसे जिया नहीं जा रहा है, मैं एक जिंदा लाश बनकर रह गई हूं।” इस संदेश से उसकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
परिवार की स्थिति और पढ़ाई का विवरण
वैशाली अपने भाई और मां के साथ रहती थी। उसके पिता वीरेंद्र सिंह का दो साल पहले निधन हो चुका था। उसकी मां एक कपड़े के शोरूम में काम करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं। वैशाली केंद्रीय विद्यालय अर्मापुर की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी अच्छी मानी जाती थी।
भाई ने शिक्षकों पर लगाए गंभीर आरोप
वैशाली के भाई प्रिंस ने स्कूल के कुछ शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षक अक्सर वैशाली की तुलना उससे करते थे और उसे ताने मारते थे। शिक्षक कहते थे कि “तुम्हारा भाई कामचोर था, क्या तुम भी वैसी ही बनोगी?” भाई के अनुसार, इन बातों से वैशाली मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।
तानों से टूट गई थी छात्रा
परिजनों का कहना है कि वैशाली ने अच्छे नंबर लाकर खुद को साबित करने की कोशिश की थी, लेकिन लगातार मिल रहे तानों से वह अंदर से टूट चुकी थी। बताया गया कि उसका भाई भी पहले उसी स्कूल में पढ़ता था, लेकिन 11वीं में कम नंबर आने के बाद उसने स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद से शिक्षक उसकी बहन को लेकर ताने देते थे।
पुलिस जांच में जुटी, मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के अनुसार, मामले की गहराई से जांच की जा रही है। छात्रा का मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
