मक्का-मदीना में रील बनाना पड़ा महंगा… लाखों का जुर्माना, सऊदी का सख्त आदेश

हज 2026 के लिए सऊदी अरब ने नए सख्त नियम लागू किए हैं। मस्जिदों में फोटो-वीडियो पर रोक, बिना वीजा भारी जुर्माना और होटलों में खाना बनाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। यात्रियों को नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है ताकि किसी परेशानी से बचा जा सके।

Apr 20, 2026 - 15:45
 0
मक्का-मदीना में रील बनाना पड़ा महंगा… लाखों का जुर्माना, सऊदी का सख्त आदेश

हज यात्रा 2026 को लेकर सऊदी अरब सरकार ने इस बार कई सख्त नियम लागू कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश समेत पूरे भारत से हजारों की संख्या में जायरीन इस पवित्र यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। इसी बीच सऊदी हुकूमत ने बड़ा फैसला लेते हुए मक्का की मस्जिद अल-हरम और मदीना की मस्जिद-ए-नबी के भीतर फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले का उद्देश्य पवित्र स्थलों की गरिमा बनाए रखना और भीड़ को नियंत्रित करना बताया गया है।

फोटो-वीडियो पर भारी जुर्माना
सऊदी सरकार ने एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि मस्जिद अल-हरम और मस्जिद-ए-नबी में मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल जरूरी संचार के लिए किया जाए। यदि कोई व्यक्ति वहां फोटो या वीडियो बनाते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर 10,000 रियाल का जुर्माना लगाया जाएगा, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.47 लाख रुपये के बराबर है। हज ट्रेनरों ने यात्रियों को सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने से बचने की सख्त सलाह दी है।

बिना वीजा यात्रा पर कड़ी कार्रवाई
इस बार बिना वैध हज वीजा के मक्का या मदीना में प्रवेश करने वालों पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। ऐसे मामलों में 30,000 रियाल तक का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, यदि कोई होटल मालिक बिना वीजा वाले व्यक्ति को ठहराता है, तो उस पर 1 लाख रियाल तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

होटलों में खाना बनाने पर भी रोक
हज यात्रा में इस बार एक और बड़ा बदलाव किया गया है। अब हाजियों को अपने होटलों में खुद खाना बनाने की अनुमति नहीं होगी। पहले यात्री अपनी सुविधा के लिए खाना बना सकते थे, लेकिन अब सुरक्षा और स्वच्छता के कारण यह पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। सभी यात्रियों को होटल द्वारा उपलब्ध कराया गया भोजन ही करना होगा।

रवानगी और वापसी का पूरा शेड्यूल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से इस साल करीब 2,090 हज यात्री इस पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। उनकी रवानगी 16 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और अब तक दो फ्लाइट्स मदीना पहुंच चुकी हैं। सभी यात्रियों को 20 मई तक सऊदी अरब पहुंचा दिया जाएगा। हज पूरा होने के बाद 2 जून से वापसी शुरू होगी और अंतिम फ्लाइट 28 जून को भारत लौटेगी।

यात्रियों को दी गई जरूरी सलाह
हज ट्रेनरों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सभी नियमों का पालन करें और केवल इबादत पर ध्यान दें। किसी भी नियम का उल्लंघन करने पर भारी आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। ऐसे में सावधानी और जागरूकता बेहद जरूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।