अमेठी में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल का प्रदर्शन, विभिन्न मुद्दों को लेकर सौंपा ज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अमेठी में विरोध प्रदर्शन किया, सामाजिक मुद्दों को उठाया और प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा।
अमेठी जिले में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देशव्यापी आह्वान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। गौरीगंज के सब्जी मंडी तिराहा पर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
गौरीगंज में सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
गौरीगंज के सब्जी मंडी तिराहा पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लिए हुए थे और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” जैसे नारों के साथ अपनी बात रख रहे थे। यह प्रदर्शन 16 और 17 अप्रैल को आयोजित देशव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया।
वक्ताओं ने उठाए विभिन्न मुद्दे
प्रदर्शन के दौरान जिला मंत्री अभिमन्यु उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में कुछ घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं। इसके अलावा जिला संरक्षक भगवान बख्श सिंह और जिला कोषाध्यक्ष रामजी अग्रहरि ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं को जागरूक रहने की अपील की।
ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। यह ज्ञापन एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी ने मौके पर पहुंचकर प्राप्त किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को गंभीरता से लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में अमेठी नगर अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह, जिला संयोजक बजरंग दल धर्मजीत, जिला सह मंत्री अशोक श्रीवास्तव, जिला मातृ शक्ति सह संयोजिका ज्योति पांडेय, जिला नैतिक शिक्षा प्रमुख अमित तिवारी सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
