अमेठी में आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर बवाल, पथराव और लाठीचार्ज से बिगड़े हालात
अंबेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर अमेठी में झड़प हुई। पथराव और पुलिस लाठीचार्ज की खबरें हैं, कई लोग घायल हुए हैं, स्थिति तनावपूर्ण है।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। यह मामला उस समय बढ़ गया जब सार्वजनिक जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पथराव और लाठीचार्ज तक की नौबत आ गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने हटवाई प्रतिमा, ग्रामीणों ने किया विरोध
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने सार्वजनिक जमीन पर बने चबूतरे को अतिक्रमण मानते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ कार्रवाई की। इस दौरान चबूतरा हटाकर वहां रखी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी हटा दिया गया। जैसे ही यह कार्रवाई हुई, गांव की महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों ने दोबारा स्थापित की प्रतिमा
प्रशासन की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय बाद फिर से चबूतरा बनाकर प्रतिमा को स्थापित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम आशीष सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति धीरे-धीरे और बिगड़ती चली गई।
पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।
वीडियो के आधार पर कार्रवाई, गांव में सतर्कता बढ़ी
पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के वीडियो के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
