आजम को गृहमंत्री बनाने पर योगी का पलटवार, बोले- ये फिर दंगा करवाना चाहते हैं, पाकिस्तान के मुद्दे पर कांग्रेस को भी घेरा
आजम खान को सपा सरकार बनने पर गृहमंत्री बनाने के शिवपाल यादव के बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए पलटवार किया। योगी ने कहा कि ये फिर दंगा करवाना चाहते हैं। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव के बयान ने इस सियासी बहस को और हवा दे दी है। शिवपाल ने कहा था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाया जाएगा और उनके साथ हुए हर जुल्म का बदला लिया जाएगा। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए इसी बयान पर पलटवार किया है। लखनऊ में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि देश की आजादी और भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने वाले व्यक्ति की पार्टी आज उसकी पैरोकार बन रही है। वह कह रही है कि हम आएंगे तो उसको गृहमंत्री बनाएंगे। ये फिर दंगा करवाना चाहते हैं। योगी के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में आजम खान को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सीधे आजम खान का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान का संदर्भ साफ तौर पर उसी सियासी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
दंगाइयों को सीएम आवास पर सम्मानित कराने का लगाया आरोप
सीएम योगी ने अपने संबोधन में पिछली सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगाइयों को तत्कालीन सीएम आवास पर लाकर सम्मानित करवाया था, ऐसे व्यक्ति के समर्थन में ये लोग इस तरह की दलीलें दे रहे हैं। इनकी शर्मनाक सोच को देखिए। दरअसल, दो दिन पहले शिवपाल यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि आजम खान पर हुए हर जुल्म का बदला लिया जाएगा। शिवपाल के इसी बयान को लेकर अब मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर निशाना साधा है। बयान के साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजनीति में आजम खान की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विभाजन विभीषिका दिवस पर कांग्रेस पर भी हमला
शुक्रवार को भाजपा की ओर से लखनऊ में लोकभवन तक पदयात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस पदयात्रा में शामिल हुए और मास्क लगाकर पैदल चले। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ विश्वासघात किया। 1947 में वे मौन थे और किसी भी तरह सत्ता पाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा आज भी किसी भी तरह सत्ता हासिल करने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधियों और पंजाबियों की जमीन पाकिस्तान के हवाले कर दी गई। उन्होंने लोगों से बांग्लादेश बॉर्डर पर जाकर हालात देखने की बात कही और कहा कि किस तरह हिंदू गांवों को बांग्लादेश के हवाले कर दिया गया।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों का भी जिक्र
सीएम योगी ने अपने भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता था कि अगर वे वहां की घटनाओं पर बोलेंगे तो यहां उनका वोट बैंक प्रभावित हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लिए दलित हिंदुओं का वोट मायने नहीं रखता। योगी के इस बयान ने एक बार फिर हिंदू सुरक्षा और वोट बैंक की राजनीति को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधने का काम किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का उद्देश्य सिर्फ अतीत को याद करना नहीं है। इसका मकसद उन गलतियों से सीख लेना है, जो देश के विभाजन के समय हुईं। उन्होंने कहा कि अतीत में जो गलतियां हुईं, उनमें सुधार करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा पैदा न हों।
योगी बोले- षड्यंत्रों के कारण गुलाम हुआ भारत
मुख्यमंत्री ने भारत की गुलामी का जिक्र करते हुए कहा कि देश के पास बल, बुद्धि और धन की कोई कमी नहीं थी। इसके बावजूद भारत गुलाम हुआ। उनके मुताबिक, समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटा गया और लगातार षड्यंत्र किए गए। योगी ने कहा कि इन्हीं षड्यंत्रों के कारण भारत गुलाम हुआ। उन्होंने लोगों से इतिहास को समझने और उससे सीख लेने की अपील की।
सत्ता पर नजर रखने वालों को लेकर भी साधा निशाना
योगी ने कहा कि जो लोग 1947 में मौन थे और जिनकी नजर उस समय देश की सत्ता पर थी, आज भी वही लोग सत्ता पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग किसी भी तरह सत्ता हासिल करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में विपक्ष पर निशाना साधते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों का भी जिक्र किया और कहा कि कुछ लोगों को डर था कि वहां की घटना पर बोलने से उनका वोट बैंक प्रभावित हो सकता है। सीएम योगी ने कहा कि 1947 में देश आजाद हुआ, लेकिन पाकिस्तान को वह हिस्सा भी दे दिया गया, जिसे वह नहीं चाहता था। उन्होंने इसे कांग्रेस का शर्मनाक कृत्य बताया। उन्होंने लोगों से विभाजन के समय की तस्वीरों और घटनाओं को प्रदर्शनी के जरिए देखने की अपील की। साथ ही कहा कि नई पीढ़ी को भी बताया जाना चाहिए कि आजादी के समय देश किन परिस्थितियों से गुजरा था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
