प्रयागराज में बीच सड़क युवक की गोली मारकर हत्या, माफिया अशरफ का गनर बताया जा रहा मृतक
प्रयागराज गौस नगर में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित का संबंध अशरफ गिरोह से था। पुलिस जमीन विवाद के पहलू से जांच कर रही है।
प्रयागराज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर की है, जहां हमलावरों ने बीच सड़क पर युवक को निशाना बनाया। गोली लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और तड़पता रहा। मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने में देर होने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है, जिसे माफिया अशरफ का गनर बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।
बीच सड़क पर मारी गोली, मौके पर मचा हड़कंप
घटना गौस नगर इलाके की है, जहां अचानक फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने मोहम्मद इरफान को सीने में गोली मारी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे संभालने की कोशिश करने लगे।
अस्पताल पहुंचने में देरी, नहीं बच सकी जान
घटना के बाद घायल इरफान को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में काफी देर हो गई। सड़क पर मौजूद लोग गाड़ियां रोकते और मदद के लिए चिल्लाते नजर आए, लेकिन समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई।
मृतक का आपराधिक और कारोबारी संबंध
बताया जा रहा है कि मृतक मोहम्मद इरफान माफिया अशरफ का सुरक्षा कर्मी था। इसके अलावा वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसका कुछ लोगों से पुरानी रंजिश और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
आशिफ दुर्रानी समेत अन्य पर केस दर्ज
मामले में परिजनों की तहरीर पर चकिया निवासी आशिफ दुर्रानी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह हो सकती है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही DCP सिटी मनीष कुमार शांडिल्य और ADCP राजकुमार मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस की कई टीमें जांच में लगी हुई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस मामले का बड़ा खुलासा किया जा सकता है।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1
