बहुजन हित तभी संभव… मायावती का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला, अंबेडकर जयंती पर दिया बड़ा बयान

Mayawati Ambedkar Jayanti: अंबेडकर जयंती पर मायावती ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश में जातिवादी सोच के कारण संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने BSP सरकार को ही सामाजिक न्याय का समाधान बताया। लखनऊ में बड़े कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सामाजिक परिवर्तन का संकल्प लिया।

Apr 14, 2026 - 13:43
 0
बहुजन हित तभी संभव… मायावती का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला, अंबेडकर जयंती पर दिया बड़ा बयान

Mayawati: अंबेडकर जयंती के मौके पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने देश की मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। मायावती ने कहा कि देश में आज भी सामंती और जातिवादी सोच का प्रभाव मौजूद है, जिसके कारण संविधान अपने मूल उद्देश्यों को पूरी तरह हासिल नहीं कर पा रहा है। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में एक बार फिर बहस को जन्म दे दिया है।

BSP सरकार ही पूरा कर सकती है बाबा साहेब का सपना
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब का ‘सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय का सिद्धांत तभी पूरी तरह लागू हो सकता है, जब देश और राज्यों में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बने। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूत संविधान होने के बावजूद देश में बहुजनों को अभी भी गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक भेदभाव से पूरी तरह मुक्ति नहीं मिल पाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामाजिक न्याय की असली दिशा तभी संभव है जब नीतियां जमीन पर सही तरीके से लागू हों।

लखनऊ में बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ में मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंबेडकर के संघर्षों की वजह से ही देश के वंचित वर्गों को आत्मसम्मान और समान अधिकार मिले हैं। उन्होंने बाबा साहेब को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा प्रतीक बताया।

भारत रत्न और आरक्षण को लेकर दिया बड़ा बयान
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने यह भी कहा कि लंबे समय तक केंद्र की सरकारों ने बाबा साहेब अंबेडकर को भारत रत्न देने में देरी की, लेकिन BSP के राजनीतिक संघर्ष के बाद ही उन्हें यह सम्मान मिल सका। इसके साथ ही उन्होंने मंडल आयोग की सिफारिशों के तहत OBC वर्ग को मिले आरक्षण को भी बहुजन आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताया और इसे सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम कहा।

लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने दोहराया संकल्प
अंबेडकर जयंती पर BSP ने लखनऊ के डॉ. भीमराव सामाजिक परिवर्तन स्थल पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रदेश के सभी 18 मंडलों से कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब का मिशन अधूरा, BSP करेगी पूरा जैसे नारों के साथ सामाजिक परिवर्तन का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन में सामाजिक न्याय और समानता की भावना पर जोर दिया गया।

सरकारों से की अपील, सामाजिक न्याय पर जोर
मायावती ने अंत में कहा कि सभी सरकारों को अंबेडकर जयंती के अवसर पर बहुजन समाज की सुरक्षा, सम्मान और विकास का आकलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में फैले अन्याय और शोषण को पूरी तरह खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक बाबा साहेब का सपना अधूरा रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।