सीट नहीं मिली तो फैला दी बम की अफवाह, ट्रेन रुकते ही यात्री जान बचाकर भागे, लखनऊ में आधे घंटे तक रुकी रही ट्रेन

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे, जबकि GRP, RPF और डॉग स्क्वॉड ने पूरे ट्रेन की तलाशी ली। करीब आधे घंटे बाद जब सच्चाई सामने आई तो सभी हैरान रह गए।

Jun 16, 2026 - 16:12
Jun 16, 2026 - 16:14
 0
सीट नहीं मिली तो फैला दी बम की अफवाह, ट्रेन रुकते ही यात्री जान बचाकर भागे, लखनऊ में आधे घंटे तक रुकी रही ट्रेन

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस में बम होने की सूचना फैल गई। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, कई यात्री घबराकर अपने सामान के साथ नीचे उतर आए। बम की सूचना मिलते ही GRP, RPF और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ट्रेन में दाखिल हुई। एक-एक कोच की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा कारणों से यात्रियों को ट्रेन से दूर रखा गया और स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। हालांकि करीब आधे घंटे तक चले तलाशी अभियान में किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला।

यात्रियों से पूछताछ में खुला पूरा मामला
जब जांच में कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने यात्रियों से जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान कई यात्रियों ने एक युवक की ओर इशारा किया, जिसने बम होने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाजारखाला थाना पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक ने अपना नाम सैनी जैकी बताया, जो तेलंगाना के विमलवाड़ा रजाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे ट्रेन में बैठने के लिए सीट नहीं मिल रही थी। इसी वजह से उसने बम होने की झूठी अफवाह फैला दी, ताकि ट्रेन रुक जाए और उसे सीट मिल सके।

अफवाह निकली झूठी, ट्रेन को किया रवाना
रेलवे पुलिस ने ट्रेन के सभी कोचों की दोबारा जांच कर यह सुनिश्चित किया कि किसी प्रकार का खतरा नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित घोषित किया गया और उसे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। GRP ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की झूठी सूचनाएं न केवल यात्रियों में दहशत फैलाती हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के संसाधनों और समय की भी बड़ी बर्बादी करती हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, लेकिन अफवाह फैलाने से बचें।

रिपोर्ट-: संदीप शुक्ला 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0