कौशांबी में संपत्ति के लिए खौफनाक वारदात, भतीजे ने मां के साथ मिलकर ताऊ की हत्या की
कौशांबी में संपत्ति विवाद को लेकर भतीजे द्वारा चाचा की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां संपत्ति के विवाद में रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। कोखराज थाना क्षेत्र के खोजवापुर गांव में एक भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने अविवाहित ताऊ की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
घर के अंदर हुई हत्या से मचा हड़कंप
घटना खोजवापुर गांव की है, जहां 55 वर्षीय अमरनाथ पटेल पुत्र दुलारे की उनके ही घर में हत्या कर दी गई। अमरनाथ अविवाहित थे और अपने परिवार के साथ ही रहते थे। बताया जा रहा है कि उनके भतीजे सूरजबली और उसकी मां धनपत ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
कुल्हाड़ी से किया हमला, अवैध संबंध का भी शक
जानकारी के अनुसार, आरोपी भतीजे ने अपने ताऊ पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। यहां तक कि मृतक के शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी हमला किया गया। इस वजह से पुलिस को अवैध संबंध के शक की भी आशंका लग रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
बताया जा रहा है कि आरोपी भतीजा अपने ताऊ की करीब 14 बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद कर रहा था। इसी जमीन को लेकर वह उन्हें परेशान करता था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संपत्ति ही इस हत्या की मुख्य वजह हो सकती है।
आरोपियों ने कबूला जुर्म, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद आरोपी भतीजे ने गांव वालों और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से थाने में पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने दी जानकारी, जांच जारी
इस मामले में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कोखराज थाना क्षेत्र में एक अविवाहित व्यक्ति की उसके भतीजे द्वारा हत्या की गई है। सभी लोग एक ही घर में रहते थे और संपत्ति विवाद सामने आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
