बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर आयकर छापा, 50 से ज्यादा अधिकारी पहुंचे

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास और कार्यालय पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। विधायक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और कार्रवाई से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

Feb 25, 2026 - 11:27
 0
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर आयकर छापा, 50 से ज्यादा अधिकारी पहुंचे

UP Politics: लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी छापेमारी की। गोमतीनगर स्थित उनके घर और कार्यालय पर एक साथ कार्रवाई की गई। सूत्रों के मुताबिक छापे में 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की टीम तीन गाड़ियों में पहुंची और दस्तावेजों व रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई।

बसपा के इकलौते विधायक, 2022 में जीते थे चुनाव
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से 2022 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वर्तमान विधानसभा में वे पार्टी के एकमात्र विधायक हैं, इसलिए पार्टी में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान उनके घर और कार्यालय से जुड़े कई दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

गंभीर बीमारी से जूझ रहे विधायक, परिवार में बढ़ी चिंता
परिवार और डॉक्टरों के अनुसार उमाशंकर सिंह गंभीर रूप से कैंसर से पीड़ित हैं। उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं और फिलहाल वे गोमतीनगर स्थित अपने आवास में आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान डॉक्टरों और नर्सों के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

2027 चुनाव से पहले कार्रवाई से राजनीति में हलचल
यह छापा ऐसे समय में पड़ा है जब बसपा सुप्रीमो मायावती 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उमाशंकर सिंह पार्टी के लिए महत्वपूर्ण चेहरा हैं। पिछले साल मार्च में भी उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोप में विजिलेंस विभाग ने जांच शुरू की थी। हालांकि इस आयकर छापे का उस जांच से सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी साफ नहीं है।

विभाग और पार्टी की ओर से नहीं आया बयान
आयकर विभाग ने अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। छापेमारी के दौरान क्या-क्या सामान या दस्तावेज जब्त किए गए, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। वहीं बसपा की ओर से भी अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।