दुल्हन के ज्वैलरी के लिए दुल्हे ने किया अपने बुआ का कत्ल, रिश्तेदारों को भी किया लहूलुहान, शादी का मंडप बन गया शमशान
Bihar News: बिहार के सीवान में शादी के घर में ज्वेलरी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दूल्हे ने अपनी बुआ की हत्या कर दी और छह रिश्तेदारों को घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गांव में दहशत का माहौल है।
बिहार के सीवान जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, जहां शहनाइयां बजने वाली थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। जीबी नगर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में दूल्हा बनने जा रहे एक युवक ने मामूली विवाद में अपनी ही सगी बुआ की हत्या कर दी और आधा दर्जन रिश्तेदारों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
ज्वेलरी को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार घर में शादी की रस्में चल रही थीं और बारात निकलने की पूरी तैयारी थी। इसी दौरान लड़की पक्ष को दिए जाने वाले ज्वेलरी के उपहार को लेकर परिवार के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दूल्हा अपना आपा खो बैठा। गुस्से में उसने घर में रखा धारदार चाकू उठा लिया और अपनी ही बुआ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बुआ की मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने आए रिश्तेदार भी हुए घायल
जब घर में अफरा-तफरी मच गई और महिला खून से लथपथ जमीन पर गिर गई, तो शादी में आए अन्य रिश्तेदार उसे बचाने के लिए आगे आए। लेकिन गुस्से में बेकाबू युवक ने उन पर भी हमला कर दिया। उसने एक-एक कर छह अन्य रिश्तेदारों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। देखते ही देखते शादी का घर एक खौफनाक घटना स्थल में बदल गया।
घायलों का इलाज जारी, आरोपी फरार
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दूल्हा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जीबी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद गांव में सन्नाटा और डर का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
