अयोध्या एयरपोर्ट पर बहु-एजेंसी मॉक ड्रिल, आतंकी हमले से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण
सुरक्षा प्रतिक्रिया और समन्वय का परीक्षण करने के लिए अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बहु-एजेंसी आतंकवाद विरोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
अयोध्या के महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम पर आज एक बड़े स्तर की आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को परखना था। ड्रिल के दौरान डमी आतंकी हमले का सीन बनाया गया, जिसमें CISF, यूपी एटीएस, पुलिस और अन्य एजेंसियों ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की। इस पूरे अभ्यास में सुरक्षा, राहत और बचाव से जुड़े हर पहलू को बारीकी से जांचा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।
डमी आतंकी हमले पर आधारित रहा पूरा अभ्यास
मॉक ड्रिल का सीन एयरपोर्ट के सिटी साइड क्षेत्र में एक नकली आतंकी हमले पर आधारित था। जैसे ही घटना की सूचना मिली, CISF की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई डिप्टी कमांडेंट रवींद्र सिंह और सहायक कमांडेंट रोहित ढाका के नेतृत्व में की गई। शुरुआती स्तर पर ही स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
यूपी एटीएस और अन्य एजेंसियों ने संभाली कमान
इसके बाद राज्य और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। मौके पर यूपी एटीएस, यूपी पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम पहुंची और ऑपरेशन की जिम्मेदारी संभाली। यूपी एटीएस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए डमी आतंकियों को जिंदा पकड़ लिया, जिससे यह साबित हुआ कि एजेंसियां किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।
बम जांच, मेडिकल और राहत कार्य भी किए गए शामिल
ड्रिल के दौरान यूपी BDDS टीम ने पूरे इलाके में बम जांच और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की। वहीं स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग ने घायलों के इलाज और राहत कार्य का अभ्यास किया। इस दौरान यह भी देखा गया कि आपात स्थिति में मेडिकल और फायर टीम कितनी तेजी से प्रतिक्रिया देती है।
डिब्रीफिंग में साझा हुए अनुभव और सुधार के सुझाव
इस मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, विभिन्न एयरलाइंस और अन्य एजेंसियों ने भी भाग लिया। अभ्यास के बाद एक डिब्रीफिंग सत्र हुआ, जिसमें सभी ने अपने अनुभव साझा किए और सुधार के सुझाव दिए। अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
