एक ही मंडप में खड़े थे दो दूल्हे, सेहरा पहनकर पहुंचीं दो बारातें… फिर दुल्हन ने ऐसे चुना अपना जीवन साथी

Uttar Pradesh News: अमरोहा के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय हंगामा हो गया जब एक ही दुल्हन के लिए दो दूल्हे अपनी-अपनी बारात लेकर पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मामला संभाला और अंत में संभल के दूल्हे से निकाह हुआ। मुरादाबाद वाला दूल्हा बिना दुल्हन लौट गया।

Apr 13, 2026 - 13:33
 0
एक ही मंडप में खड़े थे दो दूल्हे, सेहरा पहनकर पहुंचीं दो बारातें… फिर दुल्हन ने ऐसे चुना अपना जीवन साथी

Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। अमरोहा नगर के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अजीब स्थिति बन गई जब एक ही दुल्हन से निकाह करने के लिए दो अलग-अलग दूल्हे अपनी-अपनी बारात लेकर पहुंच गए। एक ही मंडप पर दो दूल्हों को देखकर बारातियों और लड़की पक्ष के बीच हंगामा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। यह घटना अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास स्थित बैंक्वेट हॉल की है।

दो बारातों के पहुंचने से मचा हंगामा
रविवार को निकाह की तैयारियां पूरी थीं और लड़की पक्ष मेहमानों के स्वागत में लगा हुआ था। तभी अचानक एक के बाद एक दो बारातें वहां पहुंच गईं। दोनों दूल्हे शेरवानी और सेहरा पहनकर खुद को असली दूल्हा बता रहे थे। एक ही दुल्हन के लिए दो दूल्हों को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते बहस और हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया असली मामला
पुलिस की जांच में पूरा मामला सामने आया, जो किसी फिल्मी कहानी जैसा था। पता चला कि लड़की का रिश्ता पहले मुरादाबाद के एक युवक से तय हुआ था। शादी की तारीख तय थी, कार्ड बंट चुके थे और तैयारियां पूरी थीं। लेकिन निकाह से पहले किसी विवाद के कारण दोनों परिवारों में अनबन हो गई।

नई रिश्तेदारी और वही तारीख बनी वजह
दुल्हन पक्ष ने मुरादाबाद वाले दूल्हे से नाराज होकर शादी तोड़ दी। लेकिन बदनामी के डर से उन्होंने उसी तय तारीख पर निकाह रखने का फैसला किया। इसके बाद आनन-फानन में संभल के एक दूसरे युवक से रिश्ता तय कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि निकाह की तारीख वही रखी गई जो पहले वाले दूल्हे की थी।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ फैसला
मुरादाबाद वाला दूल्हा तय तारीख पर बारात लेकर पहुंचा, जबकि संभल वाला दूल्हा भी अपने वादे के अनुसार वहां आ गया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने तीनों पक्षों को समझाकर बातचीत कराई। अंत में दुल्हन ने स्पष्ट कहा कि वह संभल वाले दूल्हे से निकाह करेगी।

बिना दुल्हन लौटी पहली बारात
पुलिस की मौजूदगी में निकाह की रस्में पूरी कराई गईं और उसके बाद टीम वापस लौट गई। मुरादाबाद से आया दूल्हा बिना दुल्हन के ही लौट गया। हालांकि किसी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई नहीं की, लेकिन यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।