ग्रेटर नोएडा में ATS की बड़ी कार्रवाई, आतंकी नेटवर्क से जुड़े दो युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की एटीएस ने ग्रेटर नोएडा से दो युवकों को आतंकी संबंधों और एक बड़े नेटवर्क से जुड़ी जासूसी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है।
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश एटीएस ने दो युवकों को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश उर्फ पपला पंडित और उसके दोस्त विकास गहलावत के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि साधारण जीवन जीने वाले ये युवक देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े हुए थे। एटीएस की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
पाकिस्तानी हैंडल से जुड़े थे आरोपी
जांच में सामने आया है कि लोकेश और विकास दोनों पाकिस्तानी हैंडल के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर काम कर रहे थे। एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क का मकसद देश में अशांति फैलाना था, खासकर विधानसभा चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी।
भीड़भाड़ वाली जगहों की करते थे रेकी
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाली जगहों, नेताओं की रैलियों और बड़े आयोजनों में जाकर रेकी करते थे। वे सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस तैनाती और लोगों की आवाजाही की जानकारी जुटाकर अपने नेटवर्क को भेजते थे, जिससे किसी बड़ी साजिश की तैयारी की जा सके।
जेवर एयरपोर्ट की जनसभा में भी हुए शामिल
जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि लोकेश हाल ही में जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान आयोजित जनसभा में भी शामिल हुआ था। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी उसकी मौजूदगी सामने आई है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।
गरीबी और गलत संगत बनी वजह
लोकेश और विकास दोनों आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और मजदूरी व वेटर का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, लोकेश पैसों के लिए किसी भी काम के लिए तैयार रहता था। धीरे-धीरे वह गलत संगत में पड़ गया और साकिब उर्फ डेविल और अरबाब जैसे लोगों के संपर्क में आकर आतंकी नेटवर्क से जुड़ गया।
परिवार और गांव में सदमा
लोकेश के पिता ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इस तरह के कामों में शामिल हो सकता है। वहीं विकास की मां भी इस घटना से सदमे में हैं। गांव के लोगों में डर और हैरानी का माहौल है।
जांच जारी, और खुलासे की संभावना
फिलहाल एटीएस साकिब, अरबाब, लोकेश और विकास से लगातार पूछताछ कर रही है। एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और उम्मीद है कि आगे और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
