एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो अलग-अलग एनकाउंटर में दोनों आरोपियों को किया ढेर

गाजियाबाद के लोनी में एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम पर जानलेवा हमले के दोनों आरोपी 48 घंटे में अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए। एक-एक लाख का इनाम घोषित था।

Mar 4, 2026 - 13:54
 0
एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो अलग-अलग एनकाउंटर में दोनों आरोपियों को किया ढेर

गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम पर जानलेवा हमले के दोनों आरोपी 48 घंटे के भीतर अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों सगे भाई थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

लोनी में 27 फरवरी को हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी की सुबह थाना लोनी क्षेत्र में सलीम नामक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था। हमलावरों ने पेपर कटर से उसकी गर्दन रेतने की कोशिश की और पेट पर भी वार किए। गंभीर रूप से घायल सलीम का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी गुलफाम और जीशान मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले थे। दोनों भाई गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहते थे और नोएडा की एक कंपनी में कारपेंटर का काम करते थे।

पहला एनकाउंटर 1 मार्च को
घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। रविवार 1 मार्च को पुलिस मुठभेड़ में आरोपी जीशान मारा गया।

इंदिरापुरम में दूसरा आरोपी ढेर
मंगलवार को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दूसरा आरोपी गुलफाम भी मारा गया। पुलिस के मुताबिक, उसे पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगातार पीछा कर रही थी। कोड़ा क्षेत्र में उसके आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। बताया गया कि बाइक सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी और उसकी मौत हो गई।

सोशल मीडिया गतिविधि पर जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों पर पहले कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों में कट्टरपंथी विचारों के संकेत मिले हैं। घायल सलीम सोशल मीडिया पर धार्मिक कुरीतियों के खिलाफ वीडियो बनाता था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने हमले की साजिश रची।

मोबाइल फोन जब्त, अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे कोई और साजिश या नेटवर्क तो नहीं था। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ ने बताया कि दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एक आरोपी पहले मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि दूसरे को मंगलवार को ढेर किया गया। गाजियाबाद में लगातार दो एनकाउंटर के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। वहीं, पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0