630KG चांदी लेकर चंपत… आगरा के ज्वेलर ने एक ही गांव के 35 लोगों से की 17 करोड़ की ठगी, अब परिवार समेत गायब

Uttar Pradesh News: आगरा में ज्वेलर राहुल जैन पर 630 किलो चांदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। करीब 17 करोड़ की इस धोखाधड़ी में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पीड़ितों को अब अपने पैसे वापस मिलने की उम्मीद है।

Apr 21, 2026 - 11:38
 0
630KG चांदी लेकर चंपत… आगरा के ज्वेलर ने एक ही गांव के 35 लोगों से की 17 करोड़ की ठगी, अब परिवार समेत गायब

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में धोखाधड़ी और जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कमलानगर थाना क्षेत्र में दर्ज इस केस में एक ज्वेलर पर करीब 630 किलो चांदी लेकर फरार होने का आरोप है। इस चांदी की कीमत लगभग 17 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पीड़ित लोग अपनी रकम वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

भरोसे का फायदा उठाकर लिया करोड़ों का माल
मिली जानकारी के अनुसार, हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के नगला सिकुर्रा निवासी ओम प्रकाश चौधरी ने पुलिस को बताया कि राहुल कुमार जैन से उनके साल 2005 से पारिवारिक संबंध थे। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए राहुल जैन अपने पिता संपत कुमार जैन और भाई संभव जैन उर्फ विक्की के साथ उनके घर पहुंचे और चांदी के व्यापार की बात कही। उन्होंने गांव के लोगों से उधार में चांदी दिलवाने का अनुरोध किया, जिस पर ओम प्रकाश ने भरोसा कर लिया।

35 लोगों से इकट्ठा करवाई 630 किलो चांदी
ओम प्रकाश चौधरी ने राहुल जैन की गारंटी लेते हुए गांव के करीब 35 लोगों से 630 किलोग्राम चांदी इकट्ठा करवाई। यह चांदी धीरे-धीरे राहुल जैन के कमलानगर स्थित घर पर पहुंचाई गई। आरोप है कि जब ग्रामीणों ने अपने पैसे मांगे तो राहुल जैन टालमटोल करने लगे। बाद में उन्होंने कहा कि कारोबार जमने के बाद वह चांदी या पैसे वापस कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

घर पर ताला, परिवार समेत फरार
10 अप्रैल को जब ओम प्रकाश चौधरी ग्रामीणों के साथ राहुल जैन के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पता चला कि राहुल जैन 5 अप्रैल की रात को ही अपनी पत्नी रिंकी, बच्चों, साढू गौरव जैन और ससुर सुनील कुमार जैन के साथ घर छोड़कर फरार हो गए हैं। इस घटना के बाद पीड़ितों में आक्रोश फैल गया।

7 लोगों पर केस दर्ज, जांच जारी
इस मामले में ओम प्रकाश चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने राहुल जैन, गौरव जैन, सुनील कुमार जैन और रिंकी जैन समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश का मामला दर्ज किया है। एसीपी शेषमणि उपाध्याय के अनुसार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल केस की जांच कमलानगर थाना प्रभारी कर रहे हैं। इस घटना ने बिना लिखित समझौते के होने वाले व्यापार पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।