views

नेशनल डेस्क(UP News). चांद की धरती पर उतरकर भारत ने बुधवार को इतिहास रच दिया। भारत मून मिशन चंद्रयान-3 सफल हो गया है। बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 की चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग हुई। चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर चांद के उस हिस्से पर उतरा, जहां आज तक कोई भी नहीं पहुंचा था। इस ऐतिहासिक पल का सीधा प्रसारण होने से पूरा देश चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर कदम रखने की ऐतिहासिक घटना का गवाह बना। वहीं, लैंडिंग के करीब ढाई घंटे के बाद लैंडर से प्रज्ञान रोवर भी बाहर आ गया है। चंद्रयान-3 का रोवर प्रज्ञान 6-पहिए वाला एक रोबोट वाहन है। ये चांद की सतह पर चलेगा। इसी के जरिए चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र के अब तक के अछूते भाग के बारे में जानकारी मिलेगी। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने खुशी जताई।
मिशन-2 की विफलता से बहुत कुछ सीखा
सफल मिशन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मिशन-2 की विफलता से बहुत कुछ सीखा और आज हम सफल हुए। चंद्रयान से मिलने वाली जानकारी के लिए अभी अगले 14 दिनों का इंतजार किया जा रहा है। इसरो ने चंद्रयान-3 के लैंडिंग इमेजर कैमरा से लैंडिंग के बाद की तस्वीर जारी की है। इसरो की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसरो प्रमुख को बधाई दी। इसरो प्रमुख ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया कि इसरो का अगला मिशन आदित्य एल-1 मिशन है जो श्रीहरिकोटा में तैयार हो रहा है। चंद्रयान 3 मिशन की एसोसिएट प्रोजेक्ट डायरेक्टर कल्पना ने कहा कि यह उनके और उनकी टीम के लिए सबसे यादगार पल है। पिछले कई वर्षों से हम यही प्रयास कर रहे हैं। हमने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया।
दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया भारत
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में छिपे रहस्यों को उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाला चौथा और दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। शाह ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि आजादी के अमृतकाल में हमारे देश को अंतरिक्ष के क्षेत्र में बहुत बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। यह हम सबके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियर्स के प्रयासों ने भारत को विश्व में गौरव दिलाने का काम किया है। शाह ने कहा कि आने वाला अमृतकाल अंतरिक्ष के क्षेत्र में और भारत के भविष्य के लिए मंगलकारक है और आज का चंद्रयान-3 मिशन इसका द्योतक है। उन्होंने कहा कि आज का दिन समस्त देशवासियों के लिए एक गौरव का दिन है।
इसरो ने तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया
इसरो ने चंद्रयान-3 के लैंडिंग इमेजर कैमरा से लैंडिंग के बाद की तस्वीर जारी की है। इसरो ने तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया, लैंडिग के बाद लैंडिंग इमेजर कैमरा से खीची गई तस्वीर। इसमें चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट का एक हिस्सा दिखाया गया है। एक लेग और उसके साथ की परछाई भी दिखाई दे रही है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर अपेक्षाकृत समतल क्षेत्र चुना है। अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने बुधवार को चंद्रमा पर चंद्रयान 3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई दी और इसरो की इस उपलब्धि को अंतरिक्ष इतिहास में एक अतुल्य क्षण करार दिया। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश भी बना है।
चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बना भारत
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने सोशल मीडिया मंच एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई, चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने एक्स पर लिखा
रूस के सरकारी अंतरिक्ष निगम रोस्कोस्मोस ने भी भारत को बधाई दी। रोस्कोस्मोस ने एक बयान में कहा, रोस्कोसमोस चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई देता है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने एक्स पर लिखा, अतुल्य इसरो और भारत के सभी लोगों को बधाई। भारत ने नई तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए किसी अन्य खगोलीय पिंड पर पहली सॉफ्ट लैंडिंग की। शाबाश, मैं पूरी तरह प्रभावित हूं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई दी। उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण को वैज्ञानिक-प्रौद्योगिकीय क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य बताया।
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने इतिहास रचने के लिए भारत को बधाई दी
ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने इतिहास रचने के लिए भारत को बधाई दी। भारत के तरफ से भेजे गए चन्द्रयान-3 की सफलता पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री सहित सभी प्रमुख दल के नेताओं ने बधाई दी है। नेपाल के नेताओं ने भारत के प्रधानमंत्री, इसरो के वैज्ञानिकों और भारत की जनता को बधाई संदेश भेजा है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई संदेश देते हुए ट्विट किया है। पौडेल ने चन्द्रयान-3 की सफलता भारत के अन्तरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी सफलता होने पर भारत की जनता को नेपाल की जनता के तरफ से बधाई दी है।
नेपाली जनता को भी गर्व का अनुभव होने की बात नेपाल के उपराष्ट्रपति ने कही है
नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय यादव ने भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ को बधाई संदेश भेजा है। यादव ने अन्तरिक्ष के क्षेत्र में इस ऐतिहासिक सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और भारत की जनता को बधाई दी है। भारत के इस सफलता से पड़ोसी होने के नाते नेपाल और नेपाली जनता को भी गर्व का अनुभव होने की बात नेपाल के उपराष्ट्रपति ने कही है। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने चन्द्रयान 3 की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा इसरो की पूरी टीम को विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में मिले इस ऐतिहासिक सफलता के लिए नेपाली जनता के तरफ से बधाई।
Comments
0 comment