views
एंटरटेनमेंट डेस्क(UP News). भोजपुरी इंडस्ट्री में भी कई ऐसे सितारे हैं, जिन्होंने अभिनय में करियर बनाने के बाद अपना नाम बदला है। इसके साथ ही उनके नाम बदलने के पीछे की वजह और कहानी काफी दिलचस्प है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे भोजपुरी इंडस्ट्री के उन सितारों के बारे में, जिन्होंने अपना नाम बदला। साथ ही हम जानेंगे उनके नाम बदलने की पीछे की दिलचस्प कहानी...

मोनालिसा
इस लिस्ट में सबसे पहले बात करते हैं भोजपुरी इंडस्ट्री की हॉट अभिनेत्री मोनालिसा की। मोनालिसा भले ही इन दिनों फिल्मों से दूर हैं, लेकिन टीवी की दुनिया में फिलहाल वह अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रही हैं। मोनालिसा ने भी इंडस्ट्री में आने के बाद अपना नाम बदला था। अभिनेत्री ने शुरुआती दिनों में अपना नाम अंतरा बिस्वास से बदलकर मोनालिसा कर लिया था। इसके पीछे की वजह उनके अंकल से जुड़ी है। दरअसल, मोनालिसा ने अपने करियर की शुरुआत में उड़िया में एक एल्बम में काम किया और उन्हें लोग पहचानने लगे। जैसे-जैसे अंतरा की लोकप्रियता बढ़ी, उनके अंकल ने उन्हें अपना नाम मोनालिसा रखने की सलाह दी। इसके बाद से ही वह मोनालिसा के नाम से ही जानी गईं।

रानी चटर्जी
भोजपुरी इंडस्ट्री की एक्शन क्वीन रानी अपनी दमदार अदाकारी और एक्शन अवतार से दर्शकों का दिल जीत लेती हैं। क्या आप जानते हैं कि अभिनेत्री का असली नाम रानी नहीं है। रानी का असली नाम साहिबा अंसारी है और वह मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं। रानी के नाम बदलने के पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है। दरअसल, रानी एक फिल्म की शूटिंग कर रही थीं, जिसके एक सीन में रानी को मंदिर की चौखट पर माथा टेकना था। ऐसे में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब उन्होंने अभिनेत्री के नाम के बारे में पूछा तो डायरेक्टर ने सोचा कि उनके मुस्लिम नाम से कोई हंगामा खड़ा न हो जाए। ऐसे में उन्होंने अभिनेत्री का नाम रानी बता दिया, क्योंकि उस वक्त रानी मुखर्जी काफी मशहूर थीं। वहीं, जब रानी के सरनेम को लेकर सवाल किया गया तो निर्देशक ने रानी चटर्जी बता दिया, तब से अभिनेत्री रानी चटर्जी के नाम से पहचानी जाने लगीं।

रवि किशन
भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। रवि किशन ने भोजपुरी के साथ साथ बॉलीवुड में भी अभिनय का दम दिखाया। इसके साथ ही वह राजनीति में भी परचम लहरा रहे हैं। रवि किशन ने इंडस्ट्री में आने से पहले ही अपना नाम बदल दिया था। इसके बाद उन्होंने रवि किशन के नाम से ही इंडस्ट्री में पहचान बनाई।

खेसारी लाल यादव
भोजपुरी सुपर स्टार खेसारी लाल यादव इस लिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए हैं। खेसारी लाल यादव का असली नाम शत्रुघन यादव है। अपने नाम बदलने की वजह का खुलासा खेसारी ने खुद किया था। भोजपुरी के सुपरस्टार बनने से पहले खेसारी ने काफी मेहनत की थी। खेसारी लिट्टी चोखा बेचा करते थे। फिर, उन्होंने अपने मन में ठानी और अभिनय में अपना हाथ आजमाया। खेसारी ने कपिल शर्मा शो में इस बात खुलासा किया था कि इंडस्ट्री में आने से पहले उन्होंने ही अपना नाम शत्रुघ्न से बदलकर खेसारी कर लिया था।

निरहुआ
भोजपुरी इंडस्ट्री में आने के बाद अपना नाम बदलने वाले कलाकारों में निरहुआ भी शामिल हैं। निरहुआ के नाम का क्रेज दर्शकों के बीच इस कदर है कि उनके नाम की फिल्में दर्शकों के बीच खूब धमाल मचाती हैं। अभिनेता के फिल्म का शीर्षक अक्सर उन्हीं के नाम निरहुआ पर आधारित होता है। निरहुआ का असली नाम दिनेश लाल यादव है। अभिनेता ने एक बार अपना नाम निरहुआ पड़ने की दिलचस्प कहानी का खुलासा किया था। अभिनेता ने कहा था, जब मैं अपनी फिल्म 'चलत मुसाफिर मोह लियो रे' में काम कर रहा था तो उस समय मेरे पास एक एल्बम आया, जिसका शीर्षक 'निरहुआ नाम है' था। एल्बम काफी लोकप्रिय हुआ और लोगों को लगने लगा कि दिनेश लाल यादव का असली नाम निरहुआ ही है। ऐसे में सब उन्हें इसी नाम से बुलाने लगे। इसके बाद उन्होंने निरहुआ नाम की कई फिल्मों में काम किया।
Comments
0 comment